रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का आज दूसरा दिन रहा। सदन की कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू हुई, जिसमें राज्य से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दे सामने लाए गए। यह सत्र आगामी 18 जुलाई तक चलेगा।
आज सदन में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने छत्तीसगढ़ बकाया कर ब्याज एवं शास्त्री निपटान संशोधन से जुड़ा अध्यादेश पटल पर रखा। इसके अलावा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री रामविचार नेताम और केदार कश्यप ने भी विभिन्न दस्तावेज सदन में प्रस्तुत किए।
आज के सत्र में चार ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पेश किए गए:
विधायक राजेश अग्रवाले ने राज्य में एम्बुलेंस की कमी का मुद्दा उठाया।
नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने रेडी टू ईट योजना को लेकर सवाल खड़े किए।
विधायक शेषराज हरवंश ने अवैध शिकार को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया।
वहीं विधायक अजय चंद्राकर, धर्मजीत सिंह और भावना बोहरा ने राज्य में घुसपैठियों की बढ़ती समस्या को गंभीरता से उठाया।
इसके अतिरिक्त, आज सदन में चार याचिकाएं भी प्रस्तुत की गईं, जो विधायक लखेश्वर बघेल, भावना बोहरा, ललित चंद्राकर और सावित्री मंडावी द्वारा पेश की गईं।
सत्र के दौरान “ऑपरेशन सिंदूर” की सफलता पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देने हेतु संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने प्रस्ताव भी पेश किया, जिसे सदन ने सहमति के साथ पारित किया।