रायपुर। प्रदेश में जारी खाद और बीज संकट को लेकर सोमवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा में जबरदस्त हंगामा हुआ। शून्यकाल के दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने मुद्दा उठाते हुए कहा कि राज्य के किसान खाद की भारी किल्लत से जूझ रहे हैं और उन्हें समय पर आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। उन्होंने इस पर स्थगन प्रस्ताव के तहत तत्काल चर्चा की मांग की।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “किसानों को बाजार से दुगुनी कीमत पर खाद खरीदनी पड़ रही है, जिससे वे आर्थिक संकट में हैं। सरकार इस मुद्दे पर पूरी तरह विफल रही है।”
सरकार की ओर से चर्चा की अनुमति नहीं दिए जाने पर कांग्रेस विधायकों ने सदन में जमकर नारेबाजी की। “किसान विरोधी सरकार हाय-हाय” के नारों से सदन गूंज उठा। स्थिति बिगड़ते देख विधानसभा अध्यक्ष को सदन की कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।
गौरतलब है कि खरीफ सीजन के बीच खाद की आपूर्ति को लेकर किसानों की लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर सरकार पर लगातार दबाव बना रही है, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई स्पष्ट योजना या समाधान सार्वजनिक नहीं किया गया है।