
बीजापुर। चीन के शियान शहर में 14 से 20 जुलाई तक आयोजित होने जा रही एशिया कप सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप के लिए भारतीय महिला सॉफ्टबॉल टीम की घोषणा कर दी गई है। इस टीम में छत्तीसगढ़ की दो होनहार खिलाड़ियों को स्थान मिला है — बीजापुर जिले के आवापली गांव की चंद्रकला तेलम और जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ की शालू डहरिया।
इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारत की टीम का नेतृत्व बतौर कोच बीजापुर के अनुभवी सॉफ्टबॉल प्रशिक्षक सोपान कर्णेवार करेंगे। गौरतलब है कि इस प्रतियोगिता की विजेता और उपविजेता टीमों को वर्ल्ड कप सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
कठिन चयन प्रक्रिया से होकर पहुंची राष्ट्रीय टीम तक
भारतीय टीम में चयन से पहले चंद्रकला तेलम को कई चरणों की कठोर चयन प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। पहला ट्रायल 2-3 फरवरी को आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में हुआ। इसके बाद 22 से 26 फरवरी तक नागपुर में आयोजित सीनियर नेशनल सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप के दौरान खिलाड़ियों की स्क्रीनिंग की गई। अंतिम चयन ट्रायल 15-16 अप्रैल को श्रीनगर (जम्मू) में आयोजित किया गया, जिसके बाद चंद्रकला का भारतीय टीम के लिए चयन हुआ।
टीम गठन के बाद 3 से 10 जून तक इंदौर में विशेष कोचिंग कैंप का आयोजन किया गया। इसके अलावा 20 से 25 जून तक श्रीनगर और 7 से 12 जुलाई तक नई दिल्ली में टीम को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। भारतीय दल 13 जुलाई को नई दिल्ली से चीन के लिए रवाना होगा।
अनुभवी कोच सोपान कर्णेवार के मार्गदर्शन में तैयार हुई टीम
सोपान कर्णेवार पूर्व में भी पिंगटन सिटी (चीन) में आयोजित अंडर-18 एशियन सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप में भारतीय टीम के कोच रह चुके हैं। उनके प्रशिक्षण में अब तक 147 खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर और 11 खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
चंद्रकला तेलम आठ बार नेशनल सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप में खेल चुकी हैं और उनकी निरंतर मेहनत ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया है।
जिले में खुशी की लहर
बीजापुर जिले की इस उपलब्धि पर जिले के कलेक्टर श्री संबित मिश्रा और खेल प्रभारी एवं डिप्टी कलेक्टर श्री नारायण प्रसाद गवेल ने हर्ष व्यक्त करते हुए पूरी भारतीय टीम को बधाई दी है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह जिले के लिए गर्व की बात है।