रायपुर। प्रदेश में बिजली दरों में हुई हालिया वृद्धि को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि इस बढ़ोतरी का असर आम जनता और किसानों पर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं पर केवल 10 से 20 पैसे प्रति यूनिट की मामूली बढ़ोतरी की गई है, जबकि ‘हाफ बिजली योजना’ के तहत गरीब उपभोक्ताओं को पहले से ही सब्सिडी दी जा रही है, जिससे उन्हें अतिरिक्त बोझ महसूस नहीं होगा।
मुख्यमंत्री ने किसानों के हितों की रक्षा का आश्वासन देते हुए बताया कि कृषि उपयोग के लिए प्रति यूनिट केवल 50 पैसे की बढ़ोतरी की गई है। इसके बावजूद राज्य सरकार 3 हॉर्सपावर (HP) तक के कनेक्शन वाले किसानों को 6,000 यूनिट और 5 HP तक के कनेक्शन वालों को 7,500 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध करा रही है। इस योजना का संपूर्ण खर्च राज्य सरकार वहन कर रही है, और बिजली विभाग को इसके लिए सीधे भुगतान किया जाता है।
सीएम विष्णु देव साय ने कहा हमारी सरकार की मंशा है कि जनता पर किसी प्रकार का आर्थिक भार न आए। यदि दरों में बढ़ोतरी से कहीं कोई असर पड़ता है, तो उसका भार सरकार खुद उठाएगी।
बता दें कि हाल ही में बिजली दरों में की गई यह वृद्धि प्रदेश में डेढ़ साल के भीतर चौथी बार हुई है, जिस पर विपक्ष ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। हालांकि सरकार का दावा है कि राहत योजनाओं के चलते आम लोगों को इससे कोई परेशानी नहीं होगी।