बिजली से लेकर खाद तक – दीपक बैज का साय सरकार पर हमला, कहा- हर मोर्चे पर त्रस्त है जनता

रायपुर। प्रदेश में बिजली दरों में चौथी बार वृद्धि को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने शनिवार को कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा सरकार पर जनता की जेब में “डकैती” डालने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस इस फैसले के खिलाफ पूरे प्रदेश में चरणबद्ध आंदोलन करेगी।

बैज ने कहा कि बीते डेढ़ वर्षों में साय सरकार ने चौथी बार बिजली की दरें बढ़ाकर प्रदेश की जनता को आर्थिक रूप से और अधिक बोझिल कर दिया है। उन्होंने बताया कि घरेलू उपभोक्ताओं की दरों में 10 से 20 पैसे प्रति यूनिट, गैर-घरेलू उपयोग में 25 पैसे प्रति यूनिट, और सबसे अधिक कृषि पंपों की दरों में 50 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की गई है।

किसानों की कमर तोड़ रही है भाजपा सरकार

दीपक बैज ने कहा कि बिजली, खाद और बीज की समस्याओं से जूझ रहे किसानों को इस बढ़ोतरी ने और अधिक संकट में डाल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की उपेक्षा और दुर्भावना के कारण किसान बदहाल हैं। कोयला, पानी और ज़मीन हमारी है, फिर भी हमें महंगी बिजली क्यों? उन्होंने बिजली कटौती, स्मार्ट मीटर के नाम पर बढ़े हुए बिल, और अडानी समूह की प्रीपेड मीटर योजना को भी जनता के शोषण का नया तरीका करार दिया।

बिजली दरों में वृद्धि की तुलना:

वर्ष घरेलू बिजली दर (₹ प्रति यूनिट) टिप्पणी
2003-04 3.30 भाजपा शासन प्रारंभ
2017-18 6.40 भाजपा शासन में 94% वृद्धि
2019-20 5.93 कांग्रेस शासन में कमी
2023-24 6.22 कांग्रेस शासन में कुल 0.32% वृद्धि
वर्तमान 7.02 भाजपा साय सरकार में 13% वृद्धि

बैज ने बताया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान पांच वर्षों में बिजली दरों में मात्र दो पैसे की वृद्धि हुई थी, जबकि भाजपा सरकार ने डेढ़ साल में ही 80 पैसे की बढ़ोतरी कर दी है।

कांग्रेस का आरोप: खाद के नाम पर ठगी

बैज ने खाद संकट को लेकर भी सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि बोआई और रोपाई का सीजन गुजर रहा है, लेकिन किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है। सरकार लगातार यह दावा कर रही है कि नैनो यूरिया और डीएपी पर्याप्त मात्रा में मौजूद है, लेकिन 11 जुलाई को ही नए टेंडर जारी किए गए हैं, जो सरकार के झूठ को उजागर करता है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब जरूरत अब है, तो खाद अगस्त-सितंबर में पहुंचने का क्या लाभ? उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को मजबूरी में 1350 रुपये की जगह 2000 रुपये में खाद खरीदनी पड़ रही है, और जमाखोरों व बिचौलियों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है।

कांग्रेस का आह्वान और भविष्य की रणनीति

दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस जनता की लड़ाई लड़ती रहेगी। उन्होंने बीते दो वर्षों में किए गए आंदोलनों, न्याय यात्राओं और धरना-प्रदर्शनों का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस की प्रतिबद्धता जनहित के लिए है, और यह संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। हमने सीएम हाउस से लेकर विधानसभा तक हर मंच पर जनता की आवाज़ उठाई है। हमारी कोशिश रही कि जनता के हर दर्द की गूंज सरकार तक पहुंचे।” पत्रकार वार्ता में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धनेन्द्र साहू, सत्यनारायण शर्मा, पूर्व सांसद छाया वर्मा, मलकीत सिंह गैदू, सुशील आनंद शुक्ला, विकास उपाध्याय, एजाज ढेबर, धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेंद्र वर्मा, नितिन भंसाली, अजय गंगवानी, सत्यप्रकाश सिंह, पूर्णचंद पाढ़ी, सौरभ साहू और ऋषभ चंद्राकर सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *