कोरबा। जिले के एक सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों के बीच आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सातवीं कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र ने अपने साथी छात्र पर धारदार ब्लेड से गले और चेहरे पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी छात्र मौके से फरार हो गया और जंगल की ओर भाग गया।
घटना उस समय हुई जब स्कूल में खेल की छुट्टी के दौरान कुछ छात्र परिसर से बाहर स्थित बांसबाड़ी नर्सरी पहुंचे थे। जानकारी के अनुसार, दोनों छात्र वहीं मौजूद थे और किसी बात को लेकर उनमें बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि एक छात्र ने जेब में छुपाकर लाया गया ब्लेड निकालकर दूसरे छात्र पर हमला कर दिया।
घटना की जानकारी अन्य छात्रों ने स्कूल लौटकर शिक्षकों को दी। शिक्षक तत्काल घायल छात्र को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है। इस मामले की सूचना मानिकपुर पुलिस चौकी को दी गई है, और पुलिस ने आरोपी छात्र की तलाश शुरू कर दी है।
स्कूल के शिक्षक सुशील कुमार ने बताया कि जिस छात्र ने हमला किया, वह उस दिन स्कूल नहीं आया था लेकिन अपने दोस्तों के साथ बांसबाड़ी नर्सरी पहुंच गया था। वहीं पीड़ित छात्र भी अपने मित्रों के साथ वहां मौजूद था। इसी दौरान दोनों के बीच झड़प हुई जो गंभीर हिंसा में बदल गई।
घटना ने स्कूल प्रबंधन की सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर तब जब छात्रों ने बिना निगरानी के स्कूल परिसर के बाहर जाकर गतिविधियां कीं।