महज एक जिले की महिलाओं को रेडी-टू-ईट का काम, शिक्षा से लेकर बिजली तक पर कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का सरकार पर तीखा हमला

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर वादाखिलाफी और प्रशासनिक विफलताओं का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने चुनाव से पहले राज्य के सभी जिलों में महिला स्व-सहायता समूहों को रेडी-टू-ईट (पोषक आहार) का काम देने का वादा किया था, लेकिन अब केवल रायगढ़ जिले के 10 महिला समूहों को ही यह काम सौंपा गया है। यह “मोदी की गारंटी” की सच्चाई है।

बैज ने कहा कि सरकार अब इस योजना को छह जिलों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू करने की बात कर रही है, जबकि जनता को वादा पूरे प्रदेश में स्व-सहायता समूहों को रोजगार देने का किया गया था। “पूरे प्रदेश की महिलाओं को मौका क्यों नहीं दिया जा रहा?” उन्होंने सवाल उठाया।

शिक्षा विभाग अव्यवस्था का केंद्र बना

कांग्रेस अध्यक्ष ने राज्य के शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि शिक्षक युक्तियुक्तकरण के नाम पर बड़े पैमाने पर तबादले किए गए, लेकिन इसके बावजूद प्रदेश के कई स्कूलों में शिक्षक अनुपलब्ध हैं। भाटापारा, धमतरी, आरंग, महासमुंद, सरगुजा और बस्तर जैसे क्षेत्रों में पालक स्कूलों में ताले जड़ रहे हैं, बच्चे आंदोलन कर रहे हैं। बैज ने आरोप लगाया कि “युक्तियुक्तकरण दरअसल वसूलीकरण का जरिया बन चुका है।”

“जनता का सरकार से भरोसा उठ चुका है”

दीपक बैज ने कहा कि अब जनता का सरकार से भरोसा उठ गया है। उन्होंने बिलासपुर के समीप मनियारी में केंद्रीय मंत्री तोखन साहू का रास्ता रोके जाने और इससे पहले उपमुख्यमंत्री अरुण साव के काफिले को भी लोगों द्वारा रोके जाने की घटनाओं को जन आक्रोश का प्रमाण बताया।

किसान डीएपी खाद के लिए परेशान

बैज ने खरीफ सीजन के बीच किसानों को खाद नहीं मिलने की समस्या को लेकर भी सरकार की तीखी आलोचना की। उन्होंने कहा कि सरकार डीएपी की जगह एनपीके और अब नैनो डीएपी का झांसा दे रही है, लेकिन वास्तविकता यह है कि खाद की उपलब्धता नहीं है। अप्रैल तक खाद की डिमांड दर्ज की जा चुकी थी, इसके बावजूद समय पर रैक और भंडारण की व्यवस्था नहीं की गई। “सरकार जानबूझकर खाद संकट खड़ा कर रही है ताकि कम धान उपार्जित हो,” उन्होंने आरोप लगाया।

30 लाख मीट्रिक टन धान भीग चुका, सरकार आंकड़े जारी करे

कांग्रेस अध्यक्ष ने धान उपार्जन को लेकर भी सरकार की घोर लापरवाही की ओर इशारा किया। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान 72 घंटे में धान परिवहन की बाध्यता थी, जिसे बदलकर भाजपा सरकार ने बड़ी चूक की है। नतीजतन 27 जिलों में लाखों मीट्रिक टन धान खुले में पड़ा है और भीग चुका है। उन्होंने सरकार से भीगे धान का आंकड़ा सार्वजनिक करने की मांग की।

बिजली दर वृद्धि पर कांग्रेस का आंदोलन

दीपक बैज ने कहा कि भाजपा की साय सरकार ने डेढ़ साल में चौथी बार बिजली दरें बढ़ा दी हैं। घरेलू उपभोक्ताओं पर 10 से 20 पैसे और व्यावसायिक उपभोक्ताओं पर 25 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की गई है। कांग्रेस ने इसे “जनता की जेब पर डकैती” करार देते हुए कहा है कि इस फैसले के खिलाफ पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन और आंदोलन किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *