
रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना मुजगहन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में लाखों रुपये की चोरी को अंजाम देने वाले ‘देवार गिरोह’ का पर्दाफाश किया गया है। इस कार्रवाई में चोरी के 18 मामलों का खुलासा हुआ है और गिरोह से जुड़े 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक सोने-चांदी का खरीददार भी शामिल है।
चोरी का पैटर्न और गिरोह का नेटवर्क
पकड़े गए आरोपी रायपुर के मुजगहन, अभनपुर, विधानसभा, पंडरी, खम्हारडीह और डी.डी. नगर थाना क्षेत्रों की आवासीय कॉलोनियों में सूने मकानों को निशाना बनाते थे। ये सभी योजनाबद्ध ढंग से गिरोह बनाकर रात्रि के समय वारदातों को अंजाम देते थे।
गिरोह का मुख्य संचालक भूपेन्द्र साहू और करण ध्रुव (देवार) है, जो पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं। चोरी के जेवरातों को वे अपने जानकार सोनझरा व्यवसायी सुरेश सोनझरा को बेचते थे, जिसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
बरामद सामग्री और आंकड़े
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने:
-
26.5 तोला सोना (260.585 ग्राम)
-
1 किलो 634 ग्राम चांदी
-
5 मोबाइल फोन
-
5 दोपहिया वाहन (एक चोरी के पैसों से खरीदा गया)
-
चोरी में प्रयुक्त अन्य औजार और सामग्री
जप्त की गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 30 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई है।
तकनीकी साक्ष्य और धरपकड़
पुलिस की 30 सदस्यीय विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
-
सागर नगरहा (देवार) – चंगोराभाठा, डी.डी. नगर
-
भूपेन्द्र साहू – ताजनगर, टिकरापारा
-
शुभांकर पटेल (देवार) – हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, कचना
-
रवि नेताम (देवार) – मठपुरैना, पुरानी बस्ती
-
करण ध्रुव (देवार) – ओम नगर, टिकरापारा
-
सुरेश सोनझरा – सोनझरा पारा, टिकरापारा (माल खरीददार)
आगे की कार्रवाई
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 331(4), 305, 3(5) तथा माल खरीदने वाले आरोपी पर धारा 317 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही, गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश जारी है और संगठित अपराध की धारा के तहत भी आगे की कार्रवाई की जा रही है।