0 छात्राओं ने कहा- हम और बेहतर परफॉरमेंस देंगे


जगदलपुर। मानवता सामाजिक मंच जगदलपुर द्वारा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 जगदलपुर से हाई स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा में उच्च अंक प्राप्त करने वाली तीन छात्राओं को प्रोत्साहन राशि के रूप में दस – दस हजार रुपए प्रदान किए गए।
मानवता सामाजिक मंच जगदलपुर की अध्यक्ष रश्मि शुक्ला, अवधेश शुक्ला, साकेत दुबे और सदस्यों ने विद्यालय पहुंचकर छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रोत्साहन राशि और प्रमाण पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ की गई। इस अवसर पर बेंगलुरु से गूगल के इंजीनियर साकेत दुबे उपस्थित थे। उन्होंने कहा छात्र-छात्राएं अपने स्कूल की पढ़ाई के आधार पर ही आगे बढ़ते हैं, अनुशासन और मार्गदर्शन उन्हें विद्यालय में ही मिलता है। निरंतर परिश्रम करते हुए वे आगे बढ़ें।अवधेश शुक्ला ने कहा कि आजकल छात्र-छात्राओं में संस्कारों का अभाव है। अनुशासन के साथ-साथ वह अपने संस्कारों को न भूलें, शिक्षकों से उचित मार्गदर्शन प्राप्त करें और आगे बढ़ें।अध्यक्ष रश्मि शुक्ला ने कहा कि छात्र-छात्राओं और लोगों को प्लास्टिक का उपयोग नहीं करना चाहिए। साथ ही पौधारोपण कर उनके देखभाल करें जिससे भविष्य में पर्यावरण संबंधी समस्याओं से हम निजात पा सकें। विद्यालय की प्राचार्य सुधा परमार ने आमंत्रित सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से छात्राएं प्रोत्साहित होती हैं और उन्हें जो राशि प्राप्त होती है, उससे उन्हें आगे बढ़ने का पथ प्रशस्त होता है। छात्रों में सपना मौर्य 87 प्रतिशत, दीक्षा बघेल 86 प्रतिशत और नेहा यादव 85 प्रतिशत को 10-10 हजार रुपए के चेक और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। प्रोत्साहन राशि प्राप्त कर तीनों छात्राओं ने मानवता सामाजिक मंच का धन्यवाद देते हुए आगे की कक्षाओं में और उच्च अंक प्राप्त करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का संचालन संजीव शील ने और आभार प्रदर्शन जीवनलाल शर्मा ने किया। कार्यक्रम में श्रीमती प्रहराज, सुभद्रा राव सहित समस्त स्टाफ एवं छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।