
० प्रदेश कांग्रेस के सचिव दुर्गेश राय ने प्रमुख अभियंता को लिखा पत्र
जगदलपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव तथा सुकमा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता दुर्गेश राय ने प्रमुख अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, छत्तीसगढ़ को पत्र लिखकर नेशनल हाइवे 30 की सुकमा से केशलूर के बीच जर्जर हो चुकी सड़क की मरम्मत कराने का आग्रह किया है।
कांग्रेस नेता दुर्गेश राय ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी (एनएचए) के छत्तीसगढ़ जोन के प्रमुख अभियंता को लिखे पत्र में कहा है कि बस्तर की लाइफ लाइन कहे जाने वाले नेशनल हाइवे- 30 का सुकमा से केशलूर के बीच का हिस्सा अत्यंत जर्जर अवस्था में पहुंच गया है। बड़े बड़े गढ्ढे बन गए हैं। बारिश के शुरुआती दिनों में ही सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। आने वाले दो महीनों में बस्तर में भारी बारिश की संभावनाएं है। ऐसे में सड़क की हालत और बदहाल हो जाएगी। स्वास्थ्य समेत अन्य जरूरी कामों के लिए सुकमा जिले की जनता संभाग मुख्यालय जगदलपुर व राजधानी रायपुर पर निर्भर रहती है। सड़क की बदहाल स्थिति से लोगों का सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। हालात ऐसे हैं कि कार व बाइक सवार दंतेवाड़ा से होते हुए जगदलपुर व रायपुर का सफर तय कर रहे हैं। दुर्गेश राय ने कहा है कि नेशनल हाइवे-30 की बदहाली से जनता त्रस्त हो गई है। जनता की परेशानी को देखते हुए बारिश के दरमियान गढ्ढे भरने का काम तत्काल किया जाए।