0 बिहार विधानसभा चुनाव में चुनाव आयोग के नए फरमान पर बिफरे पर्यवेक्षक रेखचंद जैन
0 मतदाताओं से विशेष पहचान प्रमाण पत्र मांगे जाने पर भड़के जैन
0 बिहार के पटना साहिब के पर्यवेक्षक हैं रेखचंद जैन
जगदलपुर। बिहार में विधानसभा चुनाव करीब हैं और वहां मोदी सरकार चुनाव आयोग के जरिए लोकतंत्र की हत्या करने पर आमादा हो गई है। बिहार के मतदाताओं से विशेष पहचान पत्र मांगे जाने पर पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने यह तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा बिहार विधानसभा चुनाव के लिए पटना साहिब हेतु पर्यवेक्षक बनाए गए बस्तर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता रेखचंद जैन ने कहा है कि बिहार के मतदाता अब बदलाव चाहते हैं। बिहार से एनडीए सरकार की विदाई तय हो गई है। मतदाताओं की बदली हुई मानसिकता से विचलित भाजपा नित एनडीए गठबंधन अब चुनाव आयोग के दम पर बिहार में लोकतंत्र की हत्या करने और अराजक स्थिति पैदा करने पर तुल गई है। श्री जैन ने कहा है कि पेन कार्ड, आधार कार्ड, राशन कार्ड, ड्राइविंग लायसेंस, मनरेगा जॉब कार्ड जैसे राष्ट्रीय पहचान के दस्तावेजों को चुनाव आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव में अमान्य कर दिया है। रेखचंद जैन ने कहा कि बिहार में चुनाव के लिए महज एक माह का समय बचा है। इतने अल्प समय में बिहार के आठ करोड़ मतदाताओं का पुनरीक्षण संभव नहीं है। और न ही नए सिरे से मतदाता सूची या पहचान पत्र बनाए जा सकते हैं।श्री जैन ने मतदाताओं से माता पिता में से किसी एक का जन्म प्रमाण पत्र मांगे जाने को भी गैर वाजिब करार दिया है। उन्होंने कहा है कि बिहार के ज्यादातर मतदाता ग्रामीण परिवेश के हैं और उनके पास अपने बड़े बुजुर्गों के जन्म प्रमाण पत्र की उपलब्धता संभवही नहीं है। पर्यवेक्षक रेखचंद जैन ने कहा है कि यह लोकतंत्र के महायज्ञ में बिहार के मतदाताओं को भाग लेने से रोकने की बड़ी साजिश है, जिसका तानाबाना दिल्ली में बैठे भाजपा के बड़े नेताओं द्वारा बुना गया है। रेखचंद जैन ने निर्वाचन आयोग केइस फैसले को भारतीय संविधान की मूल भावनाओं के विपरीत बताते हुए आयोग से इस फैसले को तत्काल वापसलेने का आग्रह किया है। श्री जैन ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने चुनाव आयोग को अपने हाथों की कठपुतली बना दिया है। देश में वर्षों से रह रहे बिहार के नागरिक अब चुनाव आयोग के तानाशाही भरे फरमान की वजह से वोट देने के अधिकार से वंचित हो जाएंगे। ऐसे में इस फैसले को तत्काल वापस लेना ही हितकर होगा।
जैन ने कांग्रेस नेतृत्व का माना आभार
कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व द्वारा खुद को बिहार के पटना साहिब से पर्यवेक्षक नियुक्त किए जाने पर पूर्व विधायक एवं संसदीय सचिव रेखचंद जैन ने इसे अपना सौभाग्य बताया है। श्री जैन ने कहा- दुनिया भर के सिखों के आस्था के केंद्र पटना साहिब जैसे पवित्र इलाके का पर्यवेक्षक बनाकर कांग्रेस नेतृत्व ने मुझे बड़ा सुअवसर प्रदान किया है। उन्होंने इसके लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, वरिष्ठ नेत्री सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज समेत तमाम वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त किया है। रेखचंद जैन ने कहा कि जिन उम्मीदों के साथ मुझे यह दायित्व दिया गया है, उन उम्मीदों को मैं पूरी निष्ठा और लगन के साथ पूरा करूंगा।