डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल उलनार में हवन एवं “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम संपन्न

बस्तर। डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल उलनार में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल करते हुए हवन एवं “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन से हुई, जिसमें विद्यालय प्राचार्य मनोज शंकर, ग्राम उलनार की सरपंच श्रीमती मधु नेताम, जनपद पंचायत बस्तर सदस्य महेश नाग एवं वैभव तरंग नाग, शिक्षकगण एवं विद्यार्थीगण शामिल हुए। सभी ने हवन में आहूतियां अर्पित कर विद्यालय और समाज के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इसके पश्चात विद्यालय प्रांगण में आम, अशोक, नीम, कटहल, गुलाब और मोंगरा जैसे विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर अभियान का शुभारंभ किया गया। प्राचार्य मनोज शंकर ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा, “वर्तमान में वृक्षों की संख्या में लगातार हो रही कमी से पर्यावरण असंतुलित हो रहा है, जिससे अनेक बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। ऐसे में हर व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसे पेड़ बनने तक पालना हमारा दायित्व है।”

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने कक्षा के अनुसार पौधारोपण किया और उन्हें पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी भी सौंपी गई। बच्चे हरे रंग की पोशाक पहनकर अपने साथ विभिन्न पौधे लाए थे, जिससे विद्यालय परिसर में हरियाली का मनमोहक दृश्य देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *