० नारायणपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल
० नारायणपुर निवासी विक्रम बैस की एक साल पहले की गई थी हत्या
० पुलिस ने 24 घंटे में ही पकड़ लिए थे 6 आरोपी
जगदलपुर। बस्तर संभाग के नारायणपुर थाना क्षेत्र में बीते साल हुए विक्रम बैस उर्फ चिंटू हत्याकांड में वांछित फरार आरोपी विप्लव हलधर को नारायणपुर पुलिस ने सटीक सूचना, सतर्कता एवं तकनीकी सहायता से घेराबंदी कर गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। गिरफ्तारी के बाद विप्लव को न्यायालय पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
आरोपी विप्लव हलधर थाना नारायणपुर के अपराध क्रमांक 21/2020 धारा 384, 387, 506-आईपीसी, 66(ई), 67(ए)- आईटी एक्ट, एक्स्ट्राॉर्शन के मामले में भी आरोपी था जो न्यायालय से जमानत लेने के बाद से फरार था और गोपनीय तरीके से जिले के बाहर और मनीष राठौर के ठिकाने में छिपकर रहता था।विदित हो कि आरोपी विप्लव हलधर अपने साथियों के साथ मिलकर 13 मई.2024 की रात करीब 10.15 बजे स्वामी आत्मानंद हिंदी मिडियम विद्यालय बखरूपारा तिराहा के आगे संजय माणिकपुरी किराना दुकान के पास विक्रम बैस उर्फ चिंटू को घर जाने के दौरान रास्ते में रोककर गड़ासा से सिर के पीछे मारकर गाड़ी से गिराया गया था और फिर एक गोली छाती में और एक गोली पेट में मारकर उसकी हत्या कर दी थी। हत्या के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। नारायणपुर, दुर्ग, रायपुर एवं बिलासपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के पूर्व हत्या की गुत्थी सुलझाकर पहले ही पुलिस विश्वजीत नाग, संदीप यादव उर्फ संजू, राजीव रंजन यति उर्फ राजू उर्फ बिहारी, आर. सैमुअल उर्फ रायनुन्तलम, जसप्रीत सिंह उर्फ पोतू और विवेक अधिकारी उर्फ सिदाम को गिरफ्तार करके जेल भेजा चुकी है। यह गैंग लोगों के नक्सलियों के नाम पर डरा धमका कर उगाही भी करती रही है।