7 जुलाई को कांग्रेस की ‘किसान, जवान, संविधान सभा; खड़गे और वेणुगोपाल होंगे शामिल…

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आगामी 7 जुलाई को कांग्रेस द्वारा आयोजित की जा रही “किसान, जवान, संविधान सभा” में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और महासचिव केसी वेणुगोपाल की मौजूदगी तय मानी जा रही है। इस सभा में राज्यभर से 25 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं, किसानों और युवाओं की भागीदारी होने की संभावना है। कांग्रेस इस आयोजन को एक बड़े राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के रूप में देख रही है।

राजीव भवन में पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि यह सभा केंद्र और राज्य सरकार की किसान, जवान और संविधान विरोधी नीतियों के खिलाफ एक निर्णायक “बिगुल” साबित होगी। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकारें इन तीनों स्तंभों पर लगातार हमला कर रही हैं।

दीपक बैज ने कहा, “यह सिर्फ एक सभा नहीं, बल्कि देश की दिशा तय करने वाली चेतना है। छत्तीसगढ़ में जिस तरह से कानून-व्यवस्था चरमराई है, महिलाओं पर अत्याचार बढ़ा है, किसानों को खाद और डीएपी नहीं मिल रही, और बिजली व्यवस्था बदहाल है, वह चिंताजनक है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई की आड़ में निर्दोष आदिवासियों को निशाना बना रही है। साथ ही, प्रदेश की खनिज संपदा को बेचा जा रहा है, हजारों सरकारी स्कूल बंद किए जा रहे हैं और शराब नीति के नाम पर अवैध बिक्री और नई दुकानों की बाढ़ आ गई है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि इस आयोजन की तैयारियों में प्रदेश प्रभारी से लेकर वरिष्ठ नेताओं और जिला पदाधिकारियों तक की सक्रिय भागीदारी है। उनका कहना था कि यह सभा न केवल जनसमस्याओं को केंद्र में लाएगी, बल्कि कार्यकर्ताओं और जनसामान्य को नई ऊर्जा और ताकत भी देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *