0 दिया सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ का नारा
0 चौक पर झाड़ू लेकर उतरे दोनों जनप्रतिनिधि
जगदलपुर। विधायक एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव और महापौर संजय पाण्डेय अक्सर कुछ ऐसा काम कर दिखाते हैं, जो नजीर बन जाता है। नगर का सेवक बनकर काम करने वाले विधायक और मेयर आज कुछ अलग ही अंदाज में दिखे। हाथ में झाड़ू लेकर सड़क को साफ करते विधायक किरण सिंह देव और मेयर संजय पाण्डेय को देख लोग खुद बखुद उनके मिशन से जुड़ते चले गए।
दरअसल विधायक किरण देव और महापौर संजय पाण्डेय की पहल पर नगर पालिक निगम जगदलपुर द्वारा आज 5 जुलाई को सुबह 7.30 बजे से नेशनल हाईवे के आमागुडा महाराणा प्रताप चौक पर वृहद सफाई अभियान चलाया गया। इस स्वच्छता पहल का उद्देश्य नगर को और अधिक स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर बनाना है। विधायक किरण देव एवं महापौर संजय पाण्डेय स्वयं हाथ में झाड़ू थामकर सड़क और चौक की सफाई करते रहे। कचरा, झिल्ली पन्नी को वे कचरा ट्राली में डालते रहे। उन्हें अपने झक सफेद कपड़ों पर दाग धब्बे लगने की जरा भी परवाह नहीं थी, परवाह थी तो सिर्फ अपने शहर पर लगे गंदगी के दाग मिटाने की। किरण देव और संजय पाण्डेय की इस मुहिम में कई गणमान्य नागरिक, पार्षद, भाजपा कार्यकर्ता, पत्रकार, स्वच्छता एंबेसडर्स एवं जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। विधायक किरण सिंह देव और महापौर संजय पाण्डेय का यह अंदाज सबको भा गया। लोगों का कहना था कि जन उम्मीदों पर सौ फीसद खरा उतर रहे हैं हमारे विधायक किरण भैया एवं मेयर संजय भाई। इन दोनों के नेतृत्व में हमारा जगदलपुर निश्चित रूप से स्वछता एवं सुंदरता के मामले में नंबर वन बन जाएगा।