रायपुर। राजधानी में मानसून की दस्तक के साथ ही एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। रायपुर के रिंग रोड नंबर 1 पर स्थित मेन पाइपलाइन फट गई, जिससे लाखों लीटर पानी सड़क पर बह गया। पाइपलाइन फटने से तेज़ दबाव में निकलता पानी किसी झरने की तरह दृश्य प्रस्तुत कर रहा था, जिसे देखने और सेल्फी लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोग इसे ‘शहरी चित्रकोट’ कहकर सोशल मीडिया पर साझा करने लगे।
मामला तब सामने आया जब तेज़ बहाव के कारण सड़क पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। करीब एक घंटे तक पानी यूं ही बहता रहा, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस दौरान सोता रहा। बाद में नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और सप्लाई को बंद किया।
नगर निगम आयुक्त ने बताया कि पाइपलाइन की मरम्मत में तीन से चार घंटे का समय लग सकता है, इसके बाद शहर में जल आपूर्ति बहाल की जाएगी। इस घटनाक्रम के चलते आसपास के इलाकों में जल संकट की स्थिति बन गई है।