
0 वन मंत्री केदार कश्यप की पहल पर सालों पुराने विवाद का हुआ निपटारा
जगदलपुर। वन मंत्री केदार कश्यप की पहल पर ग्राम चपका और मुंजला के बीच सालों से जारी विवाद का निपटारा हो गया है।इसके साथ ही वन भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी वन विभाग ने की है।
ग्राम चपका के ग्रामीणों ने वनमंत्री केदार कश्यप से ग्राम सीमा का निर्धारण एवं वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने का निवेदन किया था। जिस पर वन मंत्री द्वारा त्वरित निर्णय लेते हुए 2 जुलाई को जिला कलेक्टर एवं मुख्य वन संरक्षक को निर्देशित किया गया था। राजस्व एवं वन विभाग के संयुक्त दल के जरिए पुलिस बल की सहायता से दोनों ग्रामों के संरपचों, कोटवारों, पटेलों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में मौके पर जाकर सीमा निर्धारण किया गया। इस कार्रवाई में वन मंडल अधिकारी बस्तर उत्तम कुमार गुप्ता, एसडीएम ऋषिके तिवारी, उप वन मंडलाधिकारी आईपी बजारे, एसडीओपी पुलिस प्रवीण भारती, तहसीलदार भानपुरी लखीराम पाण्डेय, थाना प्रभारी भानपुरी, वन परिक्षेत्र अधिकारी पीएल पाण्डेय, सहायक वन परिक्षेत्र अधिकारी ओपी सिंह, परिसर रक्षक तारावती कोर्राम वनपाल, नृपेंद्र सिंग गौतम वनरक्षक, हीरामन मंडावी वनपाल, पटवारी सुरेश कोर्राम, राजस्व निरीक्षक अंशुमाली एवं राजस्व निरीक्षक रामदास मरकाम उपस्थित थे। वन मंडलाधिकारी उत्तम कुमार गुप्ता के निर्देशानुसार मौके पर ही जेसीबी के द्वारा वन सीमा में सीपीटी बनाया गया एवं अतिक्रमित क्षेत्र में भुजल संरक्षण संरचना (सीसीटी) खुदवाकर 0.681 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। दोनों ग्राम चपका एवं मुंजला के लोगों को इस कार्रवाई से किसी प्रकार की कोई आपत्ति नही है। संपूर्ण कार्रवाई नियामानुसार एवं सद्भावनापूर्ण ढंग से की गई।