
0 कलेक्टर हरिस एस. ने किया स्कूलों का औचक निरीक्षण
0 क्लास रूम में परखा बच्चों का ज्ञान कौशल
जगदलपुर। बस्तर कलेक्टर हरिस एस ने जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन के साथ गुरुवार को जगदलपुर विकासखंड की प्राथमिक शाला बाबू सेमरा, हाईस्कूल बाबूसेमरा सहित प्राथमिक शाला खम्हारगांव एवं माध्यमिक शाला खम्हारगांव का आकस्मिक निरीक्षण किया।
इस दौरान कलेक्टर ने शिक्षकों की उपस्थिति, सभी शाला त्यागी एवं शाला अप्रवेशी बच्चों का दाखिला, पाठ्य पुस्तक एवं गणवेश वितरण और मध्यान्ह भोजन संचालन का संज्ञान लिया। कलेक्टर हरिस एस ने प्राथमिक शाला में कक्षा पहली से पांचवीं तक गणित एवं अंग्रेजी विषय हेतु संपर्क फाऊंडेशन द्वारा प्रदाय की गई डिवाईस को मॉनीटर के माध्यम से संचालन के बारे में बच्चों एवं शिक्षकों से विस्तृत जानकारी ली। वहीं इसके माध्यम से शिक्षण कार्य में बच्चों को मिल रहे फायदे के बारे में शिक्षकों से पूछा। कलेक्टर ने बच्चों से जोड़-घटाना, गुणा, भाग जैसे सामान्य प्रश्न पूछे। उन्होंने मध्यान्ह भोजन कक्ष का भी निरीक्षण किया और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन सुलभ करवाने के निर्देश दिए। साथ ही हाईस्कूल बाबू सेमरा की प्रयोगशाला को व्यवस्थित एवं स्वच्छ रखने के निर्देश दिए। इस दौरान सहायक कलेक्टर विपिन दुबे, जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल, जिला मिशन समन्वयक अखिलेश मिश्रा, सीईओ जनपद पंचायत अमित भाटिया सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।