० ग्राम गोतियारडीह निवासी ने की थी शिकायत, नामांतरण के बदले मांगी थी रकम
रायपुर। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर जिले के अभनपुर ब्लॉक में पदस्थ एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी की पहचान पुष्पेंद्र गजपाल के रूप में हुई है, जिसे अभनपुर थाना क्षेत्र में पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।
यह कार्रवाई ग्राम गोतियारडीह निवासी जयवर्धन बघेल की शिकायत पर की गई, जो अभनपुर युवा कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष भी हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने हाल ही में एक भूमि खरीदी थी, जिसके नामांतरण के एवज में पटवारी ने अवैध रूप से पैसे की मांग की थी।
ACB ने मामले की जांच के बाद योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पटवारी से पूछताछ जारी है और आगे की जांच की जा रही है।