सीआरपीएफ सब इंस्पेक्टर से 22 लाख की ऑनलाइन ठगी, खुद को टेलीकॉम विभाग का अधिकारी बताकर फंसाया

अंबिकापुर। जिले में एक बार फिर साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें इस बार ठगों ने सीआरपीएफ में पदस्थ एक सब इंस्पेक्टर को अपना शिकार बनाया है। ठगों ने खुद को टेलीकॉम विभाग, दिल्ली का अधिकारी बताकर डराने-धमकाने की रणनीति अपनाई और 17 दिनों में 22 लाख रुपये की ठगी कर ली।

मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, सीआरपीएफ कैंप में पदस्थ सब इंस्पेक्टर आर. महेंद्र को एक अज्ञात कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को “टेलीकॉम डिपार्टमेंट ऑफ इंडिया, दिल्ली” का अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके आधार नंबर से एक सिम कार्ड जारी हुआ है, जिसका इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों में हो रहा है। कॉलर ने यह भी धमकी दी कि दो घंटे में यह सिम बंद किया जा रहा है और मामला दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया है।

फर्जी कॉलर की धमकियों से घबराए एसआई आर. महेंद्र उसके झांसे में आ गए। ठग ने लगातार 17 दिनों तक भय का माहौल बनाए रखते हुए अलग-अलग तरीकों से कुल 22 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए।

जब एसआई महेंद्र को ठगी का अहसास हुआ, तो उन्होंने तुरंत गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कॉल डिटेल्स व ट्रांजेक्शन हिस्ट्री खंगाल रही है।

पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात कॉल या व्यक्ति से व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें और किसी भी तरह की धमकी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *