
सुकमा। रियासत कालीन परंपरा और श्रद्धा का प्रतीक बस्तर गोंचा महापर्व आज भी भव्य श्रद्धा और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुकमा जमींदार परिवार की ओर से प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी महा भोग प्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में सुकमा जमींदार परिवार के कुमार जयदेव ने बताया कि भगवान जगन्नाथ की कृपा से उन्हें यह सेवा करने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा, “हर वर्ष प्रभु जगन्नाथ के प्रसाद वितरण में हमारी छोटी सी सहभागिता रहती है, यह प्रभु की अनुकंपा है कि हम उनके निमित्त कुछ कर पा रहे हैं।”
इस पावन अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण सिंह देव अपने पूरे परिवार सहित कार्यक्रम में उपस्थित रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं को अपने हाथों से प्रसाद ग्रहण कराया और आयोजन में पूर्ण सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम की शुरुआत में 360 आरण्यक ब्राह्मण समाज द्वारा किरण सिंह देव का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान विधायक ने अपने संबोधन में कहा, “प्रभु जगन्नाथ की कृपा से बस्तर सहित देश और प्रदेश में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे, यही मेरी ईश्वर से कामना है।”
इस अवसर पर समाज के कई पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से 360 आरण्यक ब्राह्मण समाज अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडे, गौंचा समिति अध्यक्ष चिंतामणी पांडे, विद्याशरण तिवारी, रजनीश पानीग्राही,आर्येंद्र सिंह,शशिभूषण रथ,राजेश श्रीवास्तव, हेमंत पांडे सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता व नागरिक उपस्थित थे।