नक्सलियों के आईईडी ब्लास्ट में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल

0  सिराकोंटा और दम्पाया के मध्य जंगल में घटना 
बीजापुर। जिले के मद्देड़ थाना क्षेत्र के नक्सल प्रभावित इलाके में एक बार फिर नक्सलियों की हिंसक गतिविधि सामने आई है। मंगलवार शाम को ग्राम पेगड़ापल्ली के जंगलों में वन उपज एकत्रित करने गए 32 वर्षीय ग्रामीण विशाल गोटे अचानक प्रेशर आईईडी विस्फोट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विशाल गोटे पिता पेंटैया निवासी ग्राम मोटलागुड़ा जंगल में फुटू निकालने के लिए गया था। इसी दौरान सिराकोंटा और दम्पाया के बीच के घने जंगल क्षेत्र में छिपाकर रखे गए प्रेशर आईईडी पर उसका पैर पड़ जाने से जोरदार धमाका हुआ।विस्फोट इतना तेज था कि विशाल के पैर और चेहरे में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मद्देड़ पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने के कारण वहां से उसे जिला अस्पताल बीजापुर और फिर मेडिकल कॉलेज, डिमरापाल जगदलपुर रेफर किया गया है। प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि जंगल क्षेत्र में प्रवेश करते समय अत्यधिक सतर्कता बरतें। माओवादी गतिविधियों के चलते क्षेत्र में हर कदम संभलकर रखने की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *