इंद्रावती टाइगर रिजर्व मुठभेड़: AAP ने बताया फर्जी एनकाउंटर, न्यायिक जांच की मांग

० महेश कुंजाम को निर्दोष ग्रामीण बताते हुए आम आदमी पार्टी ने सरकार से मुआवजा और नौकरी की मांग की

रायपुर। इंद्रावती टाइगर रिजर्व में हुई मुठभेड़ में आदिवासी युवक महेश कुंजाम की मौत को लेकर सियासत गरमा गई है। आम आदमी पार्टी ने इस मामले में पुलिस पर फर्जी एनकाउंटर का आरोप लगाते हुए न्यायिक जांच की मांग की है।

रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान पार्टी की जांच समिति की अध्यक्ष प्रियंका शुक्ला ने कहा कि महेश कुंजाम एक निर्दोष आदिवासी किसान था, जिसे पुलिस ने एक लाख का इनामी नक्सली बताकर मार गिराया। उन्होंने कहा कि मृतक के पास सभी वैध पहचान पत्र और बैंक ट्रांजैक्शन के दस्तावेज मौजूद हैं, जो उसकी बेगुनाही साबित करते हैं। गांव के लोगों ने भी एनकाउंटर को फर्जी करार दिया है।

आप नेता प्रियंका शुक्ला ने राज्य सरकार से मांग की है कि महेश कुंजाम के परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा, पत्नी को सरकारी नौकरी, और बच्चों की शिक्षा का पूरा खर्च उठाया जाए।

उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच आयोग के माध्यम से जांच कराई जानी चाहिए, ताकि आदिवासियों के साथ अन्याय न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *