जगदलपुर। पांचजन्य के संपादक हेमशंकर जी और स्वदेश के संपादक जयप्रकाश मिश्र जी बस्तर प्रवास पर आए। दोनों वरिष्ठ पत्रकारों से विश्व हिंदू परिषद के नेता अनिल कुमार अग्रवाल एवं जगदलपुर के वरिष्ठ पत्रकार अर्जुन झा ने भेंट की। बस्तर के भानपुरी में तीनों वरिष्ठ पत्रकारों और विहिप नेता ने बैठ कर विभिन्न मुद्दों पर गहन चर्चा की। बस्तर सहित अन्य जनजातीय इलाकों में आदिवासियों के ईसाई धर्म में धर्मांतरण पर गहन मंथन हुआ। कहा गया कि धर्मांतरण से आदिवासी संस्कृति, प्रथाओं, परंपराओं और रीति रिवाजों के विलोप होने का खतरा बढ़ रहा है।आदिवासी समुदाय हमारे देश की उत्कृष्ट पहचान और आन बान शान है। धर्मांतरण से हमारी पहचान मिटने लगी है। इस दिशा में आदिवासी समाज के नेताओं और पढ़े लिखे वर्ग की खामोशी पर चिंता व्यक्त की गई। विहिप नेता और पत्रकारों ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस से जुड़े आदिवासी नेताओं को राजनीतिक मतभेद से ऊपर उठकर आदिवासी समुदाय के संरक्षण के लिए काम करना चाहिए। पत्रकारों ने बस्तर में नक्सल प्रभाव तथा नक्सलवाद के उन्मूलन के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी चर्चा की और केंद्र एवं राज्य सरकारों द्वारा उठाए जा रहे प्रभावी कदमों तथा सुरक्षा बलों के उच्च मनोबल की प्रशंसा पत्रकारों ने की। रायपुर से आए दोनों वरिष्ठ पत्रकार नगर के युवा महापौर संजय पांडे से भी मिलना चाहते थे, लेकिन महापौर से मुलाकात नहीं हो पाई। पत्रकारों ने महापौर संजय पाण्डेय की प्रखर सनातनी हिंदूवादी छवि की सराहना की।