
रायपुर। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत ने मंगलवार को करबला तालाब सौंदर्यीकरण कार्य का स्थल निरीक्षण किया। यह कार्य लगभग ₹2.44 करोड़ की लागत से किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान श्री मूणत ने नगर निगम ज़ोन-7 के आयुक्त और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य की शुरुआत से पहले पूरे परिसर की व्यापक सफाई कर गंदगी हटाई जाए। उन्होंने तालाब की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसकी परिधि पर बाउंड्री वॉल के निर्माण को प्राथमिकता देने को कहा।
विधायक ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि मंदिर साइड से पाथवे निर्माण शुरू किया जाए, लेकिन निर्माण से पूर्व उसका मजबूत बेस तैयार किया जाए ताकि पाथवे भविष्य में धंसे नहीं।
निरीक्षण के दौरान मंदिर के पीछे स्थित एक निजी ट्रांसफॉर्मर की स्थिति को लेकर संदेह जताया गया। श्री मूणत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जांच की जाए कि वह ट्रांसफॉर्मर शासकीय भूमि पर तो स्थापित नहीं है। यदि ऐसा पाया जाता है, तो उसे निजी भूमि पर स्थानांतरित कराने की कार्रवाई की जाए।
इसके अलावा, मंदिर के समीप अवैध कब्जों को हटाने के भी निर्देश विधायक ने दिए। इस दौरान मंदिर के सामने स्थित एक मकान मालिक ने यदि उसका मकान निर्माण कार्य में बाधक बने, तो उसे स्वेच्छा से हटाने की सहमति जताई। विधायक मूणत ने इस सहयोग की खुले दिल से सराहना की।
विधायक द्वारा दिए गए प्रमुख निर्देश:
तालाब की चारों दिशाओं में गेट निर्माण
चारों कोनों में चेन माउंटेड मशीन से मिट्टी सफाई
मंदिर के पीछे बने कॉम्प्लेक्स की ग्राउंड पार्किंग और सेटबैक की जांच
पेरीफेरी बाउंड्री का शीघ्र निर्माण
पुराने बरगद के पेड़ के चारों ओर सजावटी प्लेटफॉर्म का निर्माण
हमर क्लिनिक के पास पेवर ब्लॉक के लिए मजबूत बेस
डॉ. जाउलकर नर्सिंग होम के पास हरियाली युक्त भूमि की सफाई और वहां ओपन जिम एवं योग केंद्र की स्थापना
विधायक मूणत ने कहा कि करबला तालाब का सौंदर्यीकरण इस तरह से किया जाए कि यह क्षेत्र एक सुंदर, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वॉकिंग ज़ोन बने, जहां नागरिक योग, ध्यान, व्यायाम और पारिवारिक सैर का आनंद ले सकें।