शाला प्रवेश उत्सव में खिल उठे नन्हे चेहरे, प्रतिभावान विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

किलेपाल। बास्तानार विकासखण्ड में शुक्रवार को ब्लॉक स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शिक्षा के प्रति जागरूकता और विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के नवप्रवेशी बच्चों का पारंपरिक स्वागत किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चित्रकोट विधायक विनायक गोयल उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों को तिलक लगाकर एवं फूल-मालाओं से स्वागत कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर शैक्षणिक सत्र 2024-25 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। गिरिजा सिदार ने कक्षा 12वीं में 76% अंक प्राप्त कर तथा आंसू लॉमेकर ने कक्षा 10वीं में 89% अंक अर्जित कर ब्लॉक में प्रथम स्थान हासिल किया। इन विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र और शैक्षणिक पुस्तकें भेंट कर सम्मानित किया गया।

अपने प्रेरणादायक संबोधन में विधायक श्री गोयल ने कहा शिक्षा केवल ज्ञान का माध्यम नहीं, बल्कि समाज निर्माण की नींव है। हमारी सरकार बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मण्डावी, जनपद अध्यक्ष महावती मण्डावी, जनपद उपाध्यक्ष विनोद कुहरामी, रितेश दास जोशी, जनपद सीईओ सतेसिंह मंडावी, बीईओ शशिधर निषाद, बीआरसी रमझम कच्छ, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील कुहरामी, मंडल संयोजक गिरधर मौर्य सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन समस्त शिक्षकों और सीएससी कर्मियों के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *