0 उत्तर कमांड सदस्य राजू की स्मृति में बना था स्तंभ
जगदलपुर। बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के नेलसनार क्षेत्रांतर्गत इंद्रावती नदी के पार ग्राम बांगोली में पुलिस बल द्वारा एक महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम देते हुए नक्सलियों द्वारा बनाए गए लगभग 15 फीट ऊंचे पक्के स्मारक को ध्वस्त कर दिया गया। यह स्मारक नक्सलियों द्वारा क्षेत्र में अपनी विचारधारा के प्रचार -प्रसार एवं संगठन के प्रभाव विस्तार हेतु निर्मित किया गया था। इस स्मारक पर उत्तर कमांड राजू लिखा हुआ था।. माना जा रहा है कि अपने मृत साथी की याद में नक्सलियों ने यह स्मारक बनवाया था। सुरक्षा बलों की टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों के विरुद्ध कड़ा संदेश गया है तथा ग्रामीणों में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना को बल मिला है।

चार नक्सली गिरफ्तार
उधर नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों पर फायरिंग करने की घटना में शामिल 2 पुरूष एवं 2 महिला नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। ये चारों नक्सली 16 जून को ग्राम आदेर बड़े टोंडेबेड़ा जंगल में हुई मुठभेड़ की घटना में शामिल थे और प्रतिबंधित सीपीआई (एम) पार्टी के सहयोगी के रूप में सक्रिय थे। उनके कब्जे से 2 नग 12 बोर, 1 नग 315 बोर बंदूक एवं 5 नग जिंदा राऊंड एवं 3 नग डेटोनटर हुआ बरामद हुए हैं। पुलिस अक्षीक्षक प्रभात कुमार, एएसपी रोबिनसन गुरिया के नेतृत्व में नारायणपुर पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली है। ज्ञात हो कि 16 जून को थाना ओरछा क्षेत्रान्तर्गत ग्राम ताकिलोड़, रेकावाया, आलबेड़ा की ओर जिला नारायणपुर, कोंडागांव, जगदलपुर एवं डीआरजी बल व एसटीएफ का संयुक्त बल नक्सल गस्त सर्चिग पर रवाना हुआ था। इसी दौरान घात लगाए बैठे 20-30 प्रतिबंधित सीपीआई (एम) पार्टी के नक्सलियों द्वारा स्वचलित एवं देशी हथियारों से अंधाधुंध फायरिंग की गई थी। इस घटना में शामिल नक्सली चंपा कर्मा (पीएम) ग्राम ताकिलोड, मंगी मंडावी (पीएम) किस्टाराम सुकमा, लच्छू मंडावी एवं सनकू मंडावी (पीएम) जड़का को पकड़ने में नारायणपुर पुलिस को सफलता मिली है।