0 कोहकामेटा थाना क्षेत्र में चला संयुक्त ऑपरेशन, सर्चिंग अभी भी जारी
नारायणपुर। नक्सल प्रभावित अबूझमाड़ के घने जंगलों में सुरक्षा बलों को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। बुधवार देर रात नारायणपुर के कोहकामेटा थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में दो महिला माओवादी मारी गईं। गुरुवार सुबह जवानों ने इलाके की सघन सर्चिंग के दौरान दोनों माओवादियों के शव बरामद किए। मुठभेड़ के बाद से इलाके में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन अब भी जारी है।
इस कार्रवाई को डीआरजी नारायणपुर, कोंडागांव और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि माड़ डिवीजन के नक्सली कैडर कोहकामेटा क्षेत्र में सक्रिय हैं। इसी आधार पर विशेष ऑपरेशन चलाया गया। जैसे ही जवान संदिग्ध ठिकाने के पास पहुंचे, नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसका जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया।
बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी. ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि मारे गए नक्सलियों में दोनों महिलाएं शामिल हैं और वे माड़ डिवीजन के सक्रिय कैडर का हिस्सा थीं। मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से एक इंसास राइफल, एक .315 बोर हथियार, मेडिकल किट और भारी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद की गई है। दोनों शवों को जिला मुख्यालय लाकर अस्पताल के मर्च्युरी में सुरक्षित रखा गया है।
बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह भी मुठभेड़ के दौरान गोलीबारी हुई थी। सुरक्षाबल पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान चला रहे हैं ताकि अन्य संभावित नक्सलियों की तलाश की जा सके।