गोदावरी माइंस प्रबंधन पर भैंसाकन्हार के ग्रामीणों ने लगाया सौतेले व्यवहार और अशांति फैलाने का आरोप

0 ग्रामीणों को आपस में लड़ा रहा है माइंस प्रबंधन 
0 न रोजगार दिया और न ही सुविधाएं उपलब्ध कराई 
(अर्जुन झा)जगदलपुर। बस्तर के कांकेर जिला अंतर्गत भानुप्रतापपुर क्षेत्र के भैंसाकन्हार के ग्रामीणों ने गोदावरी माइंस प्रबंधन पर क्षेत्र में अशांति फैलाने और ग्रामीणों के साथ सौतेला व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगाया है।
भैंसाकन्हार के सरपंच रमल कोर्राम ने कहा है कि खनन शुरू करने से पहले जन सुनवाई के दौरान गोदावरी माइंस कंपनी ने क्षेत्र में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्थानीय लोगों को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन 16 साल बीत जाने के बाद भी माइंस प्रभावित एवं माइंस के नीचे स्थित गांव भैंसाकन्हार के लोगों को रोजगार देना तो दूर की बात गोदावरी माइंस प्रबंधन ने गांव में एक भी मूलभूत सुविधा उपलब्ध नहीं कराई और गांव को पूरी तरह उपेक्षित रखा गया है। सरपंच रमल कोर्राम ने आगे कहा कि कंपनी ग्रामीणों के निवेदन और आवेदनों पर गांवों को आपस में लड़ाकर दादागिरी करती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि गोदावरी माइंस प्रबंधन लीज क्षेत्र से बाहर भी कहीं भी काम करना चाहता है और वन क्षेत्र में भी दादागिरी करते हुए गुपचुप तरीके से हजारों पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचा रहा है। ग्रामीणों की शिकायत पर जांच हुई है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। सरपंच रमल कोर्राम ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि समय रहते इस मामले में दखल दें और भैंसाकन्हार गांव के लोगों को रोजगार और मूलभूत सुविधाएं दिलाने की पहल करें। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि ऐसा नहीं किया जाता है, तो गांववासी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *