किसान,जवान और संविधान का अपमान करने वाले कांग्रेसी, फिर उनके नाम का इस्तेमाल कर रहे है : धरम लाल कौशिक

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कांग्रेस की प्रस्तावित किसान-जवान-संविधान जनसभा को कांग्रेस के मिथ्या प्रलाप की एक और सियासी कवायद बताते हुए कहा है कि कांग्रेस हमेशा ओछी राजनीति करके अपने झूठे नैरेटिव सैट कर लोगों को बरगलाने का काम करती रही है। श्री कौशिक ने कहा कि किसानों की अनदेखी करने, जवानों का कदम-कदम पर मनोबल तोड़ने और अपने शासनकाल में बात-बात पर संविधान की हत्या तक का पाप करने वाली कांग्रेस आज फिर नया नाटक कर रही है।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री कौशिक ने कहा कि किसान, जवान और संविधान के नाम से जनसभा कर रही कांग्रेस को यह नहीं भूलना चाहिए कि किसानों को कांग्रेस ने अपने शासनकाल में छला। कांग्रेस की भूपेश सरकार ने दो साल का बोनस नहीं दिया, धान का पैसा चार-चार किश्तों में रुला-रुलाकर किसानों को दिया, बारदाने तक की कमी थी, ठीक से धान खरीदी तक नहीं कर रहे थे और सैकड़ों किसानों ने कांग्रेस के शासनकाल में आत्महत्या की। केंद्र में भी जब कांग्रेस की सरकार थी तो वह भी 55 सालों में किसानों के लिए कुछ नहीं कर पाई। श्री कौशिक ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी किसानों को उचित समर्थन मूल्य दे रहे हैं, फसल बीमा योजना दे रहे हैं, किसान सम्मान निधि दे रहे हैं। इसी प्रकार प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किसानों की समृद्धि के द्वार खुले हैं। प्रदेश सरकार 31 सौ रुपए प्रति क्विंटल की दर हर किसान से 21 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से धान खरीद रही है और धान की राशि एकमुश्त किसानों के खाते में जमा हो रही है।

प्रदेश के पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री कौशिक ने कहा कि कांग्रेस ने हर कदम पर देश और प्रदेश में जवानों का मनोबल हमेशा कम करने का काम किया है। प्रदेश में नक्सलबाद का खात्मा हो रहा है, जवान लड़ रहे हैं तो नक्सलवाद के समर्थन में बयानबाजी करके कांग्रेस एक तरफ नक्सलियों से अपना भाईचारा निभा रही है, वहीं दूसरी ओर जवानों का मनोबल गिराने का काम कर रही है। इससे अधिक विडम्बना और क्या हो सकती है कि देश में सीमाओं की सुरक्षा और देश के स्वाभिमान के लिए जो जवान लड़ते हैं, कांग्रेस के लोग उनके प्रति स्तरहीन टिप्पणियाँ करके अपने अमर्यादित भाषायी संस्कार का प्रदर्शन कर रहे हैं। श्री कौशिक ने कहा कि पहले हुई सर्जिकल और एयर स्ट्राइक को लेकर कांग्रेस ने सबूत मांगकर अपने ओछे राजनीतिक नजरिए का परिचय दिया और अब ऑपरेशन सिंदूर को लेकर पाकिस्तान की भाषा बोलकर भारतीय सेना के शौर्य पर कांग्रेस सवाल उठा रही है।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री कौशिक ने कहा कि संविधान की तो कांग्रेस हत्यारी है। सत्ता लोलुपता के चलते देश पर आपातकाल थोपकर लोकतंत्र और संविधान की हत्या करने वाली कांग्रेस ने न केवल संविधान में मनमाने संशोधन किए, अपितु आपातकाल में विपक्षविहीन संसद में संविधान की प्रस्तावना तक को बदलकर संविधान का घोर अपमान कांग्रेस ने किया। श्री कौशिक ने कहा कि चुनी हुई विपक्षी दलों की सरकारों को मनमाने तरीकों से बर्खास्त करने के नितांत अलोकतांत्रिक कृत्यों से जिस कांग्रेस का इतिहास भरा पड़ा है, वह कांग्रेस आज संविधान के नाम पर नित-नया झूठा नैरेटिव चला रही है। संविधान में जितने प्रावधान हैं, उसके उलट कांग्रेस ने अपनी सरकारों को चलाया है, तुष्टिकरण की राजनीति की है। कर्नाटक में तो उन्होंने धर्म के आधार पर आरक्षण तक दे दिया! कांग्रेस के नेता बताएँ कि संविधान में धर्म के आधार पर आरक्षण देने का प्रावधान कहाँ पर लिखा है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *