नगरनार स्टील प्लांट के गेट पर भाजपा नेत्री गीता मिश्रा के साथ धरने पर बैठे मजदूर


०  ठेका कंपनी ने सालों से काम कर रहे मजदूरों को निकाल दिया है काम से 

०  भाजपा नेत्री गीता देवी ने कंपनी को दी चेतावनी 
नगरनार। नगरनार स्टील प्लांट में कार्यरत ठेका फर्म केएनके ट्रेडर्स द्वारा बिना नोटिस दिए और कारण बताए बगैर 50 मजदूरों को काम से निकाल दिए जाने के विरोध में क्षेत्र की सक्रिय समाजसेविका एवं वरिष्ठ भाजपा नेत्री गीता मिश्रा के नेतृत्व में एनएमडीसी के गेट में धरना प्रदर्शन किया गया।
एनएमडीसी के नगरनार स्टील प्लांट में निजी कंपनी केएनके के अधीन काम कर रहे आसपास के गांवों के मजदूरों को कंपनी ने बिना किसी जानकारी अथवा नोटिस और वजह के काम से निकाल दिया है। इन मजदूरों ने स्थानीय भाजपा नेत्री गीता देवी मिश्रा को अपनी व्यथा सुनाई थी। गीता देवी ने मजदूरों को इंसाफ दिलाने की बात कही थी। नगरनार स्टील में कार्यरत ठेका कंपनी केएनके ने अपने अधीन पचास से अधिक मजदूरों को काम से बेदखल कर दिया है। इनमें से ज्यादातर मजदूर इस ठेका कंपनी के माध्यम से प्लांट में 3 और 4 साल से सेवा देते आ रहे हैं। इन मजदूरों को न नोटिस दिया गया और न ही कोई कारण बताया गया। सोमवार को जब ये मजदूर ड्यूटी पर पहुंचे तब अचानक उन्हें काम नहीं करने हेतु निर्देश दे दिया गया। ये सभी मजदूर स्टील प्लॉट के आसपास के गांवों के निवासी हैं। मजदूरों ने बताया कि कल सुबह ड्यूटी पर पहुंचे तो पता चला कि हम सभी का गेटपास कंपनी ने कैंसल करा दिया है और कार्य में नहीं आने का निर्देश दिया है। परेशान मजदूरों ने भाजपा नेत्री गीता देवी से संपर्क कर उन्हें अपनी व्यथा सुनाई। मजदूरों को काम से आकरण निकाले जाने पर भाजपा नेत्री गीता देवी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि रोजगार छीनने का यह कदम बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना नोटिस दिए वर्षों से कार्य कर रहे कर्मचारियों को अचानक काम से निकलना गैर कानूनी है। जानकारी के अनुसार ओड़िशा की यह कंपनी स्थानीय कामगारों को निकाल कर अब बाहरी लोगों को मौका देना चाह रही है मजदूरों के साथ हुई नाइंसाफी के विरोध में आज मंगलवार को गीता देवी मिश्रा और सारे मजदूर नगरनार एनएमडीसी स्टील प्लांट के गेट के सामने धरने पर बैठ गए। ये लोग लगातार नारेबाजी करते रहे। गीता देवी मिश्रा के कड़े तेवर को देखतेहुए कुछ देर बाद ठेका कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। गीता मिश्रा ने उनसे साफ शब्दों में कह दिया कि निकाले गए सभी मजदूरों को तत्काल काम पर वापस रखना होगा और बाहर से मजदूर लाए गए तो कंपनी को भारी विरोध का सामना करना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *