

0 अब बाहरी मजदूर लाकर काम कराने की तैयारी
0 भाजपा नेत्री गीता देवी ने कंपनी के खिलाफ खोला मोर्चा
नगरनार। एनएमडीसी के नगरनार स्टील प्लांट में निजी कंपनी सीडीएलपी के अधीन काम कर रहे आसपास के गांवों के मजदूरों को कंपनी ने बिना किसी जानकारी अथवा नोटिस और वजह के काम से निकाल दिया है। इन मजदूरों ने स्थानीय भाजपा नेत्री गीता देवी को अपनी व्यथा सुनाई। गीता देवी ने मजदूरों को इंसाफ दिलाने की बात कही है।
नगरनार स्टील में कार्यरत ठेका कंपनी सीडीएलपी ने अपने अधीन पचासों मजदूरों को काम से बेदखल कर दिया है। इनमें से ज्यादातर मजदूर इस ठेका कंपनी के माध्यम से प्लांट में 3 और 4 साल से सेवा देते आ रहे थे। इन मजदूरों को न नोटिस दिया गया और न ही कोई कारण बताया गया। आज सोमवार को जब ये मजदूर ड्यूटी पर पहुंचे तब उन्हें अचानक उन्हें काम नहीं करने हेतु निर्देश दे दिया गया। ये सभी मजदूर स्टील प्लॉट के आसपास के गांवों में रहने वाले हैं। एक युवा मजदूर ने बताया कि आज सुबह ड्यूटी पर आने पर पहुंचे तो पता चला कि हम सभी का गेटपास कंपनी ने कैंसल करा दिया है और कार्य में नहीं आने का निर्देश दिया है। परेशान मजदूरों ने भाजपा नेत्री गीता देवी से संपर्क कर उन्हें अपनी व्यथा सुनाई।मजदूरों को काम से आकरण निकाले जाने पर भाजपा नेत्री गीता देवी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि रोजगार छीनने का यह कदम बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना नोटिस दिए वर्षों से कार्य कर रहे कर्मचारियों को अचानक काम से निकलना गैर कानूनी है। खबर लिखे जाने तक कम्पनी का कोई भी अधिकृत अधिकारी मौके पर कारण बताने उपस्थित नहीं था, जानकारी के अनुसार ओड़िशा की यह कंपनी स्थानीय कामगारों को निकाल कर अब बाहरी लोगों को मौका देना चाह रही है।