विधायक विक्रम मंडावी ने गांवों में जाकर देखा लाल पानी का तांडव

0 बैलाडील माइंस के पानी से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा 
0 एनएमडीसी प्रबंधन दे ग्रामीणों को मुआवजा और नौकरी: विक्रम मंडावी 
(अर्जुन झा) जगदलपुर। बैलाडीला की लौह अयस्क खदानों से निकलने वाले लाल पानी का तांडव देखने बीजापुर के विधायक विक्रम मंडावी ने लाल पानी से प्रभावित ग्राम करका, हिरोली, डुमरी पालनार और पुसनार सहित लगभग एक दर्जन गांवों का दौरा किया। उन्होंने सैकड़ों ग्रामीणों से मुलाकात की।
मुलाकात में ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि बैलाडीला पहाड़ी से निकलने वाली बेरूदी नदी में एनएमडीसी की खदानों के दूषित पानी के मिलने से नदी का पानी पूरी तरह दूषित होकर लाल पानी में तब्दील हो रहा है। इस लाल पानी से दर्जनों गांवों के आदिवासी किसान और ग्रामीण प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों की फसलें तबाह हो रही हैं। ग्रामीणों के मवेशी भी दूषित लाल पानी पीकर मरे रहे हैं, जिसका कोई भी मुआवजा आज तक गरीब आदिवासियों को नहीं मिला रहा है।

ब्लास्टिंग से मकान क्षतिग्रस्त
ग्राम डुमरीपालनार के ग्रामीणों ने विधायक विक्रम मंडावी को बताया कि एनएमडीसी की खदानों में आए दिन की जाने वाली ब्लास्टिंग से उनके मकानों में पत्थर और धूल गिर रहे हैं, मकान क्षतिग्रस्त हो रहे हैं, हमेशा उनके जानमाल को खतरा बना रहता है। साथ ही ग्रामीणों ने विधायक को लाल पानी के संबंध में बताया कि शासन प्रशासन और एनएमडीसी प्रबंधन से इसके समाधान की मांग की गई, लेकिन आज तक कोई भी समाधान नही हुआ इसे लेकर ग्रामीणों में एनएमडीसी प्रबंधन के प्रति रोष है। ग्रामीणों ने ग्राम हिरोली में एक सर्व सुविधायुक्त अस्पताल खोलने और प्रभावित लोगों को नौकरी देने की मांग की है।

विधानसभा में उठेगा मुद्दा
ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि एनएमडीसी खदान से उत्पन्न लाल पानी और ब्लास्टिंग की समस्याएं गंभीर हैं। सरकार और एनएमडीसी प्रबंधन को तत्काल इस दिशा में कदम उठाने चाहिए ताकि प्रभावित ग्रामीणों को राहत मिल सके। उन्होंने यह भी मांग की कि सरकार, एनएमडीसी के कारण ग्रामीणों को हुए नुकसान का सर्वे कराए और प्रभावितों को उचित मुआवजा दे और ग्रामीणों की मांग के अनुरूप ग्राम हिरोली में एक सर्वसुविधा युक्त अस्पताल खोले और प्रभावित परिवारों के एक एक सदस्य को नौकरी दे। विधायक ने ग्रामीणों आश्वासन दिया कि वे इस मुद्दे को विधानसभा और संबंधित विभागों में जोर-शोर से उठाएंगे ताकि लाल पानी और ब्लास्टिंग की समस्या का स्थायी समाधान हो सके। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के लिए सरकार और एनएमडीसी से मांग की जाएगी। यदि मांगे नहीं मानी गई तो लाल पानी की समस्या को लेकर प्रभावित ग्रामीणों के साथ आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लालू राठौर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुड़ियम, जनपद अध्यक्ष सोनू पोटाम, उपाध्यक्ष दिनेश पुजारी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मंगल राना, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम सल्लूर, जनपद सदस्य बोधि ताती, जनपद सदस्य बसंत हपका, प्रवीण उद्दे, हीरालाल मंडावी, रतन कश्यप, बलराम कोरसा सहित बड़ी संख्या कांग्रेसी कार्यकर्ता और प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीण मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *