धमतरी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रदेश में सक्रिय रेत माफियाओं के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।उन्होंने आज धमतरी जिले का दौरा किया। दीपक बैज धमतरी के लीलर रेतघाट में हुई चाकूबाजी की घटना में घायल युवक ललित ध्रुव से अस्पताल में जाकर मुलाकात की।
मुखबिरी के शक में रेत माफिया और उसके लोगों द्वारा अपने ही क्रेन ऑपरेटर ललित ध्रुव पर हमला किया गया था। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज लगातार प्रदेश में दौरा कर रेत माफिया के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं और उनके बहाने सरकार पर वे जमकर हमले भी कर रहे हैं। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने घायल आदिवासी युवक ललित ध्रुव के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और उसे भरोसा दिलाया कि कांग्रेस उसके और उसके परिवार के साथ खड़ी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि एक तरफ तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर गरीब को पक्की छत उपलब्ध कराने का दम भरते नहीं थक रहे हैं, वहीं दूसरी ओर छत्तीसगढ़ में गरीबों को बेघरबार किया जा रहा है, गरीबों पर रेत माफिया जुल्म कर रहे हैं।दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश में जंगलराज चल रहा है। रेत माफिया कहीं गोली चला रहे हैं, कहीं पत्रकारों को पीट रहे हैं, कहीं विरोध करने वाले को खंभे से बांधकर मारपीट कर रहे हैं, तो कहीं पुलिस जवान की ट्रैक्टर से कुचल कर हत्या कर देते हैं। धमतरी में रेत माफियाने चाकूबाजी की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार भी किया, लेकिन आरोपी बड़े ही रहस्यमय ढंग से आरोपी थाना से फरार हो गया। रेत माफिया बेलगाम हो चुका है, सरकार का कोई अंकुश नहीं है। ज्ञात हो कि दो दिन पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज राजनांदगांव भी गए थे, जहां भाजपा से जुड़े रेत माफिया के लोगों ने राजनांदगांव नगर निगम के ग्रामीण वार्ड मोहड़ के ग्रामीणों पर शिवनाथ नदी के मोहरा घाट पर फायरिंग और मारपीट की थी। मोहड़ में श्री बैज ने वार्ड वासियों और घायलों से मुलाकात की थी। इस दौरान उनके साथ पूर्व मंत्री धनेश पटिला और राजनांदगांव शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा भी थे। चर्चा है कि दीपक बैज जल्द ही बस्तर जिले के बकावंड ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत बनियागांव और तारापुर भी पहुंचेंगे, जहां ओड़िशा के रेत माफिया आतंक मचाए हुए हैं।