0 अल शहर की गलियों में सुबह निकल पड़ते हैं महापौर संजय पाण्डेय
(अर्जुन झा) जगदलपुर। प्रधान सेवक यानि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को विकसित, समृद्ध बनाने और देशवासियों के जीवन में खुशहाली लाने के लिए दिन रात मेहनत कर रहे हैं। वहीं जगदलपुर का सौभाग्य है कि शहर को मेयर संजय पाण्डेय के रूप में एक सच्चा सेवक मिला है, जो शहर को सुंदर, स्वच्छ और विकसित बनाने तथा जन समस्याओं को दूर करने के लिए अल सुबह से देर रात तक मैदान पर डटे रहते हैं। मेयर संजय अल सुबह से शहर की गली कूंचों में पहुंचकर जन समस्याओं का खुद जायजा लेते हैं, लोगों से चर्चा करते हैं और समस्याएं दूर करने की पहल भी करते हैं। महापौर संजय पाण्डेय की यह कार्यप्रणाली लोगों को खूब पसंद आ रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियां तो पूरा देश देख ही रहा है। वहीं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन की झलक भी छत्तीसगढ़ के लोग देख रहे हैं। इनके बीच जगदलपुर में भी एक अच्छी तस्वीर देखने को मिल रही है। जब किसी व्यक्ति को गांव के पंच या सरपंच का भी ओहदा मिल जाता है, तो वह अपने आप को तुर्रम खां समझने लग जाता है, मगर जगदलपुर के महापौर संजय पांडे ऐसे लोगों से जुदा हैं, उनमें एक जनसेवक की छवि साफ नजर आती है। संजय पाण्डेय खुद को मेयर की बनिस्बत सेवक ज्यादा मानते हैं। किसी आयोजन के लिए संजय पांडे द्वारा भेजे जाने वाले आमंत्रण या सूचना पत्र में वे खुद को सेवक ही लिखते हैं। जो जनप्रतिनिधि स्वयं को सेवक बताए, उसका काम भी बोलता है। मेयर चुने जाने के बाद से ही संजय पाण्डेय ने जो सक्रियता दिखाई है वह काबिले तारीफ है। चाहे प्राचीन धरोहरों, तालाबों के संरक्षण की बात हो, चाहे दलपत सागर और गंगा मुंडा तालाब को उनके मूल स्वरूप में लौटाने की बात हो, चाहे पुराने शॉपिंग कांप्लेक्स के जीर्णोद्धार की बात हो या फिर जल संकट से शहर को मुक्ति दिलाने के लिए इंद्रावती नदी में तटबंध निर्माण के लिए मंजूरी दिलाने की बात हो, हर काम में संजय पाण्डेय खरे उतरते नजर आ रहे हैं। सबसे बड़ी बात तो यह कि जब शहर के ज्यादातर लोग सुबह सुबह सुहानी नींद के आगोश में समाये रहते हैं, तब महापौर शहर की गलियों में हालात का जायजा लेते नजर आते हैं। आज सोमवार को सुबह पैदल चलकर आए महापौर संजय पाण्डेय आम लोगों से मुलाकात करते नजर आए। वे लोगों से शहर की नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लोगों से राय शुमारी भी करते रहे। उन्होंने कई समस्याओं का समाधान चौक पर चाय की चुस्की के बीच ही कर दिया। जन स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल जैसे मूलभूत सुविधाओं की पहुंच हर घर तक पहुंचाने बाबत अपनी मंशा भी महापौर ने जाहिर की। आम लोगों के लिए आम सेवक बनकर महापौर संजय पाण्डेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सिद्धांत सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास को सार्थक करते नजर आ रहे हैं।