प्रधानमंत्री मोदी के 11 साल की उपलब्धियों पर बोले मुख्यमंत्री साय – छत्तीसगढ़ को मिला आशीर्वाद, देश बना चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा चलाए जा रहे संकल्प से सिद्धि अभियान के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित सिविल लाइन सर्किट हाउस में पत्रकारों से संवाद किया। उन्होंने इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश और खासकर छत्तीसगढ़ में हुए बदलावों और विकास कार्यों को रेखांकित किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा पीएम मोदी का छत्तीसगढ़ से गहरा नाता है। संगठनकर्ता के रूप में उन्होंने प्रदेश का चप्पा-चप्पा छाना है। आज भी उनका आशीर्वाद प्रदेश को मिल रहा है। मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यकाल में भारत ने जापान को पीछे छोड़ते हुए चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का स्थान हासिल किया है। महिला सशक्तिकरण, जम्मू-कश्मीर का स्थायित्व, और जन कल्याणकारी योजनाओं के ज़रिए आमजन के जीवन में बदलाव आया है।

गरीबों, किसानों और महिलाओं के लिए बड़े कदम

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछली सरकार ने गरीबों को उनका हक नहीं दिया, लेकिन भाजपा सरकार ने आते ही 14 दिसंबर को हुई पहली कैबिनेट बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना को मंजूरी दी। उन्होंने कहा सुशासन तिहार में ये बात सामने आई कि गांवों में राज मिस्त्री नहीं मिल रहे हैं, क्योंकि इतने अधिक पीएम आवास स्वीकृत हो चुके हैं।

किसानों से किए गए वादे को निभाते हुए राज्य सरकार ने दो साल का बोनस भुगतान किया है। वहीं 5 लाख 60 हजार भूमिहीन कृषकों को 10,000 रुपए सालाना दिए जा रहे हैं। महिलाओं के खाते में प्रतिमाह राशि भेजी जा रही है, जिससे उनका सशक्तिकरण हो रहा है।

आदिवासी सम्मान और सामाजिक योजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं जनजातीय समाज से हैं, और यह गौरव की बात है कि आज देश की राष्ट्रपति एक आदिवासी महिला हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजातियों तक सड़क, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।

उन्होंने श्रीराम लला दर्शन योजना और तीर्थयात्रा योजना का भी ज़िक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार लोगों को आध्यात्मिक अनुभवों से जोड़ रही है।

भ्रष्टाचार और नक्सलवाद पर करारा प्रहार

विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई हुई है और कई बड़े नक्सली ढेर किए गए हैं। उन्होंने कहा भ्रष्टाचार के सभी रास्ते बंद कर दिए गए हैं। CGPSC में युवाओं के साथ हुए छल के मामले में बड़ी कार्रवाई हो रही है। नई औद्योगिक नीति पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेशकों को विशेष रियायतें दी जा रही हैं, जिससे राज्य में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बल मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *