० महारानी अस्पताल की बर्न यूनिट में इलाज जारी
० भवनों की नापजोख के दौरान हुआ यह हादसा
० मेयर पाण्डेय और एमआईसी मेंबर राणा ने की स्वस्थ होने की कामना
जगदलपुर। ड्यूटी के दौरान हाई टेंशन लाइन के तारों के संपर्क में आ जाने से नगर निगम जगदलपुर के सहायक राजस्व निरीक्षक संतोष बघेल करंट से झुलस गए। उन्हें महारानी अस्पताल की बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।महापौर संजय पाण्डेय और राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने संतोष बघेल के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
इन दिनों नगर के लोगों की अचल संपत्तियों की वास्तविक गणना के लिए नगर पालिक निगम जगदलपुर द्वारा आवासीय व व्यावसायिक भवनों की नापजोख कराई जा रही है।सहायक राजस्व निरीक्षक संतोष बघेल की भी ड्यूटी इस कार्य में लगी है। श्री बघेल व अन्य कर्मचारी मंगलवार को नगर के विजय वार्ड स्थित कृष्ण मंदिर स्कूल के पीछे मकान की नापजोख करते समय संतोष बघेल मकान की छत से गुजरे बिजली के तारों के संपर्क में आ गए। करंट लगने से एआरआई संतोष बघेल झुलस गए। उन्हें बेहतर उपचार हेतु महारानी अस्पताल की बर्न यूनिट में रखा गया है। जानकारी मिलते ही नगर निगम के राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा, नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा एवं राजस्व अधिकारी विनय श्रीवास्तव महारानी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने संतोष बघेल की सेहत की जानकारी ली और बघेल के बेहतर उपचार के लिए डॉक्टरों से बात की।राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने कहा नगर निगम के समस्त सहायक राजस्व निरीक्षक व कर्मचारियों के सहयोग से आवासीय व समस्त व्यावसायिक भवनों की नामजोख की जा रही है। भरी बरसात में भी हमारे कर्मचारी दिन रात अपने कामो में लगे हुए हैं। मैं सहायक राजस्व निरीक्षक लोकेश यादव को धन्यवाद दूंगा जिन्होंने घटना होने के तुरंत बाद अपनी गाड़ी से संतोष बघेल को अस्पताल पहुंचाया और बेहतर इलाज करवाया। 1 साल पहले ही संतोष बघेल को अनुकंपा नियुक्ति मिली है। संग्राम सिंह राणा के साथ अस्पताल पहुंचने वालों में तेजबहादुर नेगी, नागेंद्र रणदिवे, हृदयानंद मिश्रा सहित नगर निगम के अधिकारी कर्मचारी शामिल थे। महापौर संजय पांडे और सभापति संग्राम सिंह राणा ने संतोष बघेल के भी जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। मेयर पाण्डेय ने कहा है कि संतोष बघेल का बेहतर उपचार कराया जाएगा।