
रायपुर। राजधानी रायपुर में चल रहे प्रमुख विकास कार्यों का आज सुबह जनप्रतिनिधियों और नगर निगम अधिकारियों की संयुक्त टीम ने स्थल निरीक्षण किया। यह निरीक्षण सुबह 8:30 बजे राजकुमार कॉलेज के सामने से लेकर NIT के आगे तक चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य से शुरू हुआ।
निरीक्षण दल में रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत, महापौर मीनल चौबे, नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर, आयुक्त विश्वदीप सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी और इंजीनियर मौजूद रहे। इस दौरान सड़क सौंदर्यीकरण, हरियाली विस्तार, लाइटिंग व पैदल पथ निर्माण जैसे कार्यों की समीक्षा की गई।
नई चौपाटी स्थल का निरीक्षण
इसके बाद टीम ने उस स्थल का दौरा किया जहाँ नवीन चौपाटी का निर्माण प्रस्तावित है। नगर निगम ने निर्णय लिया है कि वर्तमान चौपाटी को इस नए स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा, जिससे शहर को एक बेहतर, व्यवस्थित और स्वच्छ सार्वजनिक स्थल मिल सके।
अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्विमिंग पूल का खाका
निरीक्षण के अंतिम चरण में प्रतिनिधिमंडल ने अंतरराष्ट्रीय मानकों पर आधारित स्विमिंग पूल के निर्माण स्थल का जायज़ा लिया। प्रस्तावित पूल को इस तरह डिज़ाइन किया जा रहा है कि उसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैराकी प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकें।
विधायक राजेश मूणत ने कहा हमारा लक्ष्य रायपुर को स्मार्ट और सुंदर शहर बनाना है। सौंदर्यीकरण, खेल अवसंरचना और जनसुविधाओं में सुधार हमारी प्राथमिकता है। जनता को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारा संकल्प है।
महापौर मीनल चौबे ने कहा नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रहा है ताकि रायपुरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। नई चौपाटी और स्विमिंग पूल जैसे प्रोजेक्ट्स शहर की छवि को निखारेंगे और लोगों को सुलभ मनोरंजन व खेल संसाधन प्रदान करेंगे।