रायपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री शहीद पंडित विद्याचरण शुक्ल की 12वीं पुण्यतिथि के अवसर पर रायपुर नगर निगम द्वारा महात्मा गांधी सदन के सामने स्थित शहीद पंडित विद्याचरण शुक्ल उद्यान परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर नगर निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने नगरवासियों की ओर से पंडित विद्याचरण शुक्ल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का आयोजन नगर निगम के संस्कृति विभाग द्वारा, जोन क्रमांक 4 के सहयोग से किया गया।
संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी, पूर्व पार्षद मनोज कंदोई, सामाजिक कार्यकर्ता अनुभव चरण शुक्ला, प्रमोद तिवारी, नवीन चंद्राकर, जोन 4 के सहायक अभियंता दीपक देवांगन सहित अनेक गणमान्य नागरिक, महिलाएं, युवा व सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और प्रतिमा स्थल पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थितजनों ने पंडित विद्याचरण शुक्ल के बलिदान और सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।