रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने गौ तस्करी रोकने के लिए कड़े कदम उठाने का फैसला किया है। उप मुख्यमंत्री व गृह मंत्री विजय शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में गौ तस्करी में शामिल आदतन आरोपियों की संपत्ति अटैच कर नीलाम करने और तस्करी में लिप्त पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को तत्काल विभाग से बाहर करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में बताया गया कि राज्य के विभिन्न जिलों में गौ तस्करी रोकने के लिए अतिरिक्त एसपी स्तर के नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। कुछ जिलों में कार्रवाई अच्छी रही जबकि अन्य जगहों पर सुधार की जरूरत है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने निर्देश दिए कि तस्करी में संलिप्त पुलिसकर्मी तत्काल सेवा से बर्खास्त किए जाएं और मामले में प्रयुक्त वाहनों को राजसात कर गौ सेवा के लिए नीलाम किया जाए। इसके अलावा गौ सेवा आयोग से गौ सेवकों के लिए आईडी कार्ड बनाने का आग्रह भी किया जाएगा।
गौ तस्करी में शामिल आदतन आरोपियों पर सफेमा लागू कर उनकी संपत्ति अटैच कर नीलामी की जाएगी, जिसकी आय गौवंश सेवा के कामों में लगाई जाएगी। पशुपालन विभाग को भी ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
जिन जिलों में गौ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई कमजोर रही है, उन्हें विशेष रूप से सख्त कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए हैं। इस पहल से राज्य में गौ तस्करी पर प्रभावी रोक लगाई जाने की उम्मीद है।