० खम्हारडीह पुलिस और एंटी क्राइम यूनिट की संयुक्त कार्रवाई
रायपुर। राजधानी के खम्हारडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत चंडी नगर रोड सृष्टि एम्पीरिया के पास स्थित मैदान में हुई मारपीट और लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है जिसकी तलाश जारी है।
बता दे कि दिनांक 27 मई 2025 की सुबह 5:30 बजे प्रार्थी होमराम साहू अपनी मोटर साइकिल से सृष्टि एम्पीरिया के आगे मैदान में गया था। उसने जैसे ही रोड किनारे बाइक खड़ी की, तभी दो दोपहिया वाहनों में सवार चार अज्ञात युवक वहां पहुंचे। उनमें से तीन युवक उसके पास आए और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। लात मारकर उसे जमीन पर गिरा दिया गया और उसकी जेब से मोबाइल फोन तथा मोटर साइकिल की चाबी छीन ली गई। इसके बाद आरोपी उसकी बाइक (पैशन प्रो CG 04 MT 7668) लेकर मौके से फरार हो गए।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 117/25, धारा 309(6), 3(5) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने घटना की गहन जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया। इसी दौरान एक संदिग्ध गुलशन नायक को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने घटना में संलिप्तता स्वीकार करते हुए अपने साथियों हिरण्या दीप उर्फ करण, प्रीतपाल सिंह कंग और एक अन्य आरोपी का नाम उजागर किया। आरोपियों से लूटी गई मोटर साइकिल और मोबाइल फोन के अलावा घटना में प्रयुक्त दो अन्य दोपहिया वाहन भी बरामद किए गए हैं। कुल बरामद मशरूका की कीमत लगभग 1.20 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी:
- गुलशन नायक (24) – निवासी गंगानगर, थाना देवेंद्र नगर, रायपुर
- हिरण्या दीप उर्फ करण (23) – निवासी त्रिमूर्ति नगर, रायपुर
- प्रीतपाल सिंह कंग (19) – निवासी काली नगर, थाना सिविल लाइन, रायपुर
एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसे पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।