9 साल से फरार करोड़ों की ठगी का आरोपी चिटफंड डायरेक्टर दिनेश टेम्भरे नागपुर से गिरफ्तार

रायपुर। करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी कर फरार चल रहे चिटफंड कंपनी के डायरेक्टर दिनेश हेमराज टेम्भरे उर्फ बबलू (46) को रायपुर पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2016 से फरार था और उस पर कई निवेशकों से धोखाधड़ी कर कंपनी का दफ्तर बंद कर भाग जाने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार दिनेश टेम्भरे जे.एस.व्ही. डेवलपर्स इंडिया लिमिटेड और जय विनायक बिल्डकॉप लिमिटेड नामक चिटफंड कंपनियों का डायरेक्टर था। अश्वनी नगर, मुस्कान प्लाजा स्थित इन कंपनियों के दफ्तरों से प्रदेशभर के निवेशकों को दोगुना रकम लौटाने का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी की गई थी।

थाना आजाद चौक में प्रार्थी शिवनारायण पटेल समेत अनेक निवेशकों की शिकायत पर वर्ष 2016 में अपराध क्रमांक 182/2016 दर्ज किया गया था। आरोपी के खिलाफ IPC की धारा 420, 34, इनामी चिट और धन परिसंपत्ति योजना प्रतिबंध अधिनियम की धारा 4(5) और छत्तीसगढ़ निक्षेपकों के हितों का संरक्षण अधिनियम की धारा 10 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।

तकनीकी निगरानी से मिला सुराग
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट व थाना आजाद चौक पुलिस द्वारा आरोपी की लगातार पतासाजी की जा रही थी। तकनीकी विश्लेषण और गोपनीय जानकारी के आधार पर आरोपी की लोकेशन नागपुर के गुजराती कॉलोनी में चिन्हित की गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) डी.आर. पोर्ते, एएसपी (क्राइम) संदीप मित्तल, नगर पुलिस अधीक्षक आजाद चौक अमन कुमार झा और डीएसपी क्राइम संजय सिंह के मार्गदर्शन में निरीक्षक नरेश पटेल के नेतृत्व में एक विशेष टीम नागपुर भेजी गई। टीम ने वहां कैम्प कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

एटीएम, चेकबुक, मोबाइल जब्त
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक व मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। आरोपी को रायपुर लाकर न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण:

  • नाम: दिनेश हेमराज टेम्भरे उर्फ बबलू

  • उम्र: 46 वर्ष

  • पता: फ्लैट नंबर 301, सरस्वती अपार्टमेंट, गुजराती कॉलोनी, नेताजी नगर, थाना कलमना, नागपुर (महाराष्ट्र)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *