सतनाम मैरिज ब्यूरो की संचालिका और उसके पति ने मिलकर की शादी के नाम पर 7 लाख की ठगी, दोनों गिरफ्तार

बिलासपुर। शादी जैसे पवित्र रिश्ते को धोखे का जरिया बना देने वाला एक चौंकाने वाला मामला सकरी थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां मैरिज ब्यूरो की आड़ में एक महिला से न केवल भावनात्मक ठगी की गई, बल्कि लाखों रुपये भी ऐंठ लिए गए। पुलिस ने इस हाईप्रोफाइल ठगी में शामिल सतनाम मैरिज ब्यूरो की संचालिका चित्रा और उसके पति संजय चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता दमयंती, जो शिवरीनारायण (जांजगीर-चांपा) की रहने वाली है, ने जुलाई 2024 में विवाह के लिए सतनाम मैरिज ब्यूरो में रजिस्ट्रेशन कराया था। शुरुआत में जब कोई उपयुक्त रिश्ता नहीं मिला, तो ब्यूरो संचालिका चित्रा ने अपने ही पति संजय चौधरी का फर्जी प्रोफाइल दिखाकर दमयंती को शादी के लिए तैयार कर लिया, बिना यह बताए कि संजय पहले से विवाहित है।

इसके बाद गिरौधपुरी धाम में संजय और दमयंती की शादी कराई गई। शादी के बाद संजय उसे हरियाणा के सिरसा ले गया, फिर दोनों बिलासपुर लौटकर विनोबा नगर में किराए के मकान में रहने लगे। वहीं दमयंती ने ब्यूटी पार्लर खोला।

शादी के कुछ हफ्तों बाद ही संजय ने बीमारी और पारिवारिक परेशानी का बहाना बनाकर दमयंती से धीरे-धीरे 7 लाख रुपये ले लिए। इन पैसों से एक कार भी खरीदी गई। फिर अचानक एक दिन संजय गायब हो गया।

दमयंती को जब संजय की सच्चाई पता चली तो उसके होश उड़ गए—संजय की पत्नी कोई और नहीं, बल्कि मैरिज ब्यूरो की संचालिका चित्रा ही थी। दोनों पति-पत्नी ने मिलकर शादी के नाम पर सुनियोजित ठगी की थी।

पुलिस को दी गई शिकायत में दमयंती ने न सिर्फ आर्थिक नुकसान, बल्कि मानसिक और भावनात्मक शोषण की बात भी कही। सकरी पुलिस ने महज दो दिन में आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया है कि चित्रा और संजय की लव मैरिज हुई थी और उनका एक बेटा भी है।

एसपी बिलासपुर की निगरानी में मामले की तेजी से जांच की गई और दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, षड्यंत्र और फर्जीवाड़े की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *