डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल उलनार के बच्चों ने निकाली फिट इंडिया रैली

0 ग्रामीणों को दिया स्वस्थ जीवनशैली का संदेश 

बकावंड। भारत सरकार द्वारा आरंभ किए गए फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल उलनार में रविवार को प्रेरणादायक तिरंगा रैली का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस रैली का उद्देश्य आम जनमानस में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना और नियमित शारीरिक गतिविधि की आवश्यकता को रेखांकित करना था। यह रैली ग्राम के सरपंच मधु नेताम जी, उप सरपंच देवधान कश्यप तथा पंच गुप्तोराम, संतराम बघेल और रेणुराम भारती की उपस्थिति में निकाली गई। इन सभी जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए रैली को सामाजिक चेतना का पर्व बताया। स्कूल वपरिसर से शुरू हुई इस रैली को विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं ग्राम सरपंच मधु नेताम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में भाग लेने वाले छात्र-छात्राएं हाथों में रंग-बिरंगे बैनर, पोस्टर और स्लोगन लिए थे, जो फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण के संदेश से ओतप्रोत थे। रैली के दौरान चलो उठो और फिट बनो, स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन बसता है, फिट इंडिया, हिट इंडिया जैसे नारे गूंजते रहे। इस अवसर पर “संडेज ऑन साइकिल” अभियान को समर्थन देते हुए कई विद्यार्थियों ने साइकिल रैली में भाग लिया। उन्होंने नगर के नागरिकों को साइकिल चलाने से होने वाले स्वास्थ्य लाभ और प्रदूषण नियंत्रण के बारे में जानकारी दी। इस पहल ने न केवल फिटनेस का संदेश दिया, बल्कि स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण संदेश दिया। रैली के समापन पर विद्यालय प्रांगण में योग सत्र और नृत्य प्रदर्शन का आयोजन किया गया। छात्रों ने समूह व्यायाम और योग किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कहा कि फिट इंडिया सिर्फ एक अभियान नहीं, यह एक सोच है, एक जीवनशैली है। यदि हम आज से ही स्वस्थ रहने की आदत डालें, तो आने वाला भारत न केवल समर्थ होगा, बल्कि हर नागरिक खुशहाल भी होगा।रैली को शहरवासियों का भी भरपूर समर्थन मिला। कई अभिभावक और स्थानीय नागरिक बच्चों के इस प्रयास में साथ चलते नजर आए। यह आयोजन समाज के हर वर्ग को जोड़ते हुए एक जन-आंदोलन की शक्ल में दिखाई दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *