0 मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संवर रहा है बस्तर: मंत्री केदार कश्यप
0 नारायणपाल को सीएम साय ने दी 1.16 करोड़ की सौगात, मंत्री केदार कश्यप ने जताया आभार
(अर्जुन झा) जगदलपुर। बस्तर के “नारायण” को छत्तीसगढ़ के “विष्णु” ने मुंहमंगा वरदान दे दिया है। इससे केदार गदगद हो उठे हैं। केदार ने कृपालु विष्णु को साधुवाद दिया है, उनका आभार माना है। वे कह रह हैं कि विष्णुजी ऐसे ही बस्तर पर सहाय रहें।
हम बात कर रहे हैं बस्तर के नारायणपाल गांव की, जहां साय सुशासन पहुंच गया है। दरअसल सुशासन तिहार के तहत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में प्रवास कर रहे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बस्तर के नारायणपाल पहुंचे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने क्षेत्रवासियों से भेंट कर उनका हालचाल जाना और क्षेत्रवासियों को 1 करोड़ 16 लाख की सौगात दी। श्री साय ने नारायणपाल में मिडिल स्कूल भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपए, प्राथमिक शाला मंदिरपारा के भवन के लिए 20 लाख रुपए, स्ट्रीट लाईट, हाईमास्ट लाईट के लिए 15 लाख रुपए, व्यावसायिक परिसर निर्माण के लिए 20 लाख रुपए, गोवर्धन भांठा से बोधघरा घर तक 600 मीटर सीसी रोड निर्माण के लिए 15 लाख रुपए, दो नग स्पॉन पुलिया निर्माण के लिए 12 लाख रुपए और धरमू घर से नाव घाट तक 300 मीटर सीसी रोड निर्माण के लिए 9 लाख रुपए की घोषणा की। दो छोटे गांवों में निर्माण कार्यों के लिए इतनी बड़ी सौगात मिलने से क्षेत्रीय विधायक एवं राज्य के वन मंत्री केदार कश्यप आल्हादित हो उठे हैं।
मंत्री केदार ने माना सीएम का आभार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की इन घोषणाओं को लेकर नारायणपुर के विधायक एवं छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा है कि मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में हमारा बस्तर तेजी से आगे बढ़ रहा है, संवर रहा है। जहां नक्सलवाद बस्तर में समाप्त हो रहा है वहीं अब बस्तर तेजी विकसित क्षेत्र के रूप में बदल रहा है आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बस्तर को संवारने का संकल्प लेकर हमारे मुख्यमंत्री श्री साय कार्य कर रहे हैं। नारायणपाल में की गई समस्त घोषणाओं से क्षेत्रवासी खुश हैं। मंत्री केदार ने क्षेत्रवासियों की ओर से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताया है। मंत्री केदार कश्यप ने कहा है कि विष्णु जी की कृपा हमारे बस्तर पर यूं ही बरसती रहेगी।