जगदलपुर। नगर निगम क्षेत्र के हिकामीपारा स्थित रमैया/इंदिरा वार्ड में विगत चार दिनों से खराब पड़े पंप को अंततः दोपहर सफलतापूर्वक निकाल लिया गया, जिससे रमैया, इंदिरा और दीनदयाल वार्ड के करीब 150 से अधिक परिवारों ने राहत की सांस ली है। इस दौरान महापौर संजय पांडे के निर्देश पर पीएचई सभापति सुरेश गुप्ता के नेतृत्व में लगातार प्रयास किए जाते रहे।
पंप निकालने का कार्य तकनीकी रूप से जटिल था। निगम के तकनीशियन और लेबरों की टीम ने दिन-रात प्रयास किया, लेकिन शुरुआती चार दिनों तक कोई सफलता नहीं मिल पाई। इस बीच गर्मियों की तेज़ धूप और पानी की किल्लत ने स्थानीय नागरिकों की परेशानी और बढ़ा दी थी।
सभापति सुरेश गुप्ता ने बताया कि एक ओर पंप नहीं निकल रहा था और दूसरी ओर क्षेत्र में जल आपूर्ति की कोई वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं थी। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए महापौर संजय पांडे और पार्षद पायल नवीन बोथरा की सक्रियता से प्रभावित परिवारों को रोजाना 6 से 7 टैंकरों के माध्यम से लगभग 25 से 30 हजार लीटर पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की गई।
आज दोपहर करीब 1 बजे नगर निगम के अनुभवी तकनीशियन और कर्मचारियों की मदद से स्थानीय जुगाड़ तकनीक का उपयोग कर पंप को बाहर निकालने में सफलता मिली, और शाम 4 बजे तक नया मोटर पंप भी लगा दिया गया। इससे अब नियमित जल आपूर्ति बहाल हो चुकी है।
सभापति सुरेश गुप्ता ने बताया कि इस बोर से जलापूर्ति की निर्भरता बहुत अधिक है और इस क्षेत्र में वैकल्पिक जल स्रोत नहीं होने के कारण ही यह स्थिति बेहद संवेदनशील बन गई थी। उन्होंने निगम कर्मचारियों की मेहनत को सराहा और वार्डवासियों से जल संरक्षण की अपील करते हुए कहा कि पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करें और बर्बादी रोकने में प्रशासन का सहयोग करें।
स्थानीय पार्षद पायल बोथरा, नगर निगम की पूरी टीम और प्रभावित परिवारों ने राहत मिलने पर संतोष जताया। इस संकट को मिलकर हल करने की नगर निगम की तत्परता को वार्डवासियों ने सराहा और धन्यवाद ज्ञापित किया।