० रायपुर में कैट की एक राष्ट्र-एक चुनाव समर्थन सभा सम्पन्न, राजनीतिक स्थिरता और लोकतंत्र के लिए अहम कदम: शिवरतन शर्मा
रायपुर। देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) की प्रदेश इकाई द्वारा आयोजित एक राष्ट्र-एक चुनाव पर प्रस्ताव समर्थन सभा आज वृंदावन हाल में सम्पन्न हुई। इस मौके पर कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन अमर पारवानी, प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन, प्रदेश महामंत्री सुरिंदर सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा ने सभा की अध्यक्षता की।
सभा के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि एक देश-एक चुनाव से न केवल राजनीतिक स्थिरता बढ़ेगी बल्कि यह आर्थिक विकास के लिए भी मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि विभिन्न राज्यों में अलग-अलग चुनावों के कारण देश की अर्थव्यवस्था कमजोर पड़ती है और विकास में बाधा आती है। इसलिए सभी राज्यों में चुनाव एक साथ कराना आवश्यक है।
प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा ने बताया कि एक साथ चुनाव कराने से करीब 5 लाख करोड़ रुपये की बचत हो सकती है, जो देश की जीडीपी वृद्धि में सहायक होगी। वहीं भाजपा जिला रायपुर अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने सभा में उपस्थित 12 लाख व्यापारियों के प्रतिनिधियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णय का समर्थन करते हुए उनके हाथ मजबूत करने की अपील की।
कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन अमर पारवानी ने बताया कि हर वर्ष अलग-अलग राज्यों में चुनाव होने से देश के व्यापार और उद्योग को नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। एक राष्ट्र-एक चुनाव से राजनीतिक पार्टियों में निरंतर हो रही प्रतिस्पर्धा नियंत्रित होगी और लोकतंत्र मजबूत होगा।
सभा में कैट के प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम समर्थन पत्र सौंपा। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र सिंह ने किया और कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में कैट के प्रदेश एक्सक्यूटिव चेयरमेन जितेन्द्र दोषी, पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष विक्रम सिंहदेव, युवा कैट अध्यक्ष अवनीत सिंह समेत भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक सतीश छुगानी, एक राष्ट्र-एक चुनाव अभियान के जिला संयोजक अकबर अली और पूर्व नगर निगम सभापति सुभाष तिवारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
सभा में कैट, युवा कैट, महिला कैट, ट्रांसपोर्ट कैट समेत विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी एवं व्यापारीगण उपस्थित थे।