0 दलपत सागर की सड़क पर चल रहे हैं लोड ट्रक
(अर्जुन झा)जगदलपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन और महापौर संजय पाण्डेय के सपने को जगदलपुर में भारी भरकम ट्रक सरेआम रौंद रहे हैं। अगर ऐसा ही चलता रहा, तो न दलपत सागर की सुंदरता लौट पाएगी और न ही शहर की सड़कें सुरक्षित रह पाएंगी।
छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सुशासन की बहार लाने की बड़ी अच्छी कवायद कर रहे हैं। जगदलपुर के महापौर संजय पाण्डेय मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए जमकर पसीना बहा रहे हैं। मेयर संजय पाण्डेय क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव, वन मंत्री केदार कश्यप और सांसद महेश कश्यप के सहयोग से शहर की ऐतिहासिक धरोहरों, प्राचीन जलाशयों को उनके पुराने स्वरूप में लाने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं। शहर की सड़कों का कायाकल्प किया जा रहा है, नई सड़कें बनाई जा रही हैं।ऎसी ही एक अच्छी सड़क शहर की जान और शान कहे जाने वाले दलपत सागर के करीब से बनाई गई है। इस सड़क पर बिल्डिंग मटेरियल लेकर चलने वाले भारी भरकम ट्रकों की आवजाही काफी बढ़ गई है। इन ट्रकों के दबाव से सड़क की बुरी गत बनती जा रही है। महापौर संजय पांडे ने दलपत सागर को संवारने कई जतन किए हैं, ताकि दलपत सागर की खूबसूरती को सब निहार सकें। दलपत सागर के किनारे सुंदर सड़क भी बनवाई गई है। निर्माण कार्य की सामग्री और बिल्डिंग मटेरियल का परिवहन करने वाले भारी ट्रक महापौर संजय पाण्डेय के सारे किए धरे पर पानी फेरते नजर आ रहे हैं। अगर इन ट्रकों की आवजाही जल्द बंद न की गई तो शहर का एक बड़ा सपना बिखर कर रह जाएगा।