एसडीएम को मुर्गा, बकरा, दारू भेंट करने पहुंचे कांग्रेस नेता, किया जंगी प्रदर्शन

0  बकरा, मुर्गा के साथ सड़क पर उतरे दीपक बैज

0 एसडीएम के रवैए के विरोध में सड़क पर उतरे हजारों कांग्रेसजन 
(अर्जुन झा) जगदलपुर। संभाग मुख्यालय जगदलपुर से 40 किलोमीटर दूर प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चित्रकोट में हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आज अनूठा प्रदर्शन देखने को मिला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज एक हाथ में देशी मुर्गा और दूसरे हाथ में दारू की बोतल लेकर चल रहे थे। वहीं एक कांग्रेस नेता बकरे की डोर थामे चल रहा था। अन्य कांग्रेसी भी दारू की बोतलें और मुर्गे लिए चल रहे थे। कांग्रेस ने लोहंडीगुड़ा के एसडीएम नीतीश वर्मा द्वारा वीआईपी प्रवास के दौरान सरपंचों व ग्राम समिति पर मुर्गा, बकरा, दारू का इंतजाम करने के लिए दबाव डाले जाने तथा इंतजाम न करने पर पुलिस में गंभीर धाराओं के साथ एफआईआर दर्ज कराए जाने के विरोध में यह प्रदर्शन किया।

दरअसल लोहंडीगुड़ा एसडीएम नीतीश वर्मा पर आरोप है कि चित्रकोट आने वाले वीआईपी सैलानियों और बड़े अफसरों की खातिरदारी के लिए वे सरपंचों और पार्किंग शुल्क वसूलने वाली ग्राम समिति पर मुर्गा, बकरा और दारू का इंतजाम करने के लिए दबाव डालते हैं। मुर्गा, बकरा, दारू का इंतजाम करने से इंकार करने वाले सरपंचों, प्रमुख ग्रामीणों और ग्राम समिति से जुड़े युवाओं को प्रताड़ित करते हैं। ऐसा ही एक मामला कुछ दिन पहले जब चर्चा के केंद्र में आ गया जब सरपंच भंवर मौर्य ने मुर्गा, बकरा और दारू का इंतजाम करने से साफ मना कर दिया। फिर क्या था। एसडीएम साहब ने अपने पद की ताकत दिखा दी। आरोप है कि एसडीएम के कहने पर पुलिस ने सरपंच भंवर मौर्य और अन्य ग्रामीणों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। इस मामले ने तूल पकड़ लिया। एसडीएम के साथ सरपंच और ग्रामीणों की जमकर बहस हुई और कांग्रेस ने भी एसडीएम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। दो दिन पहले लोहंडीगुड़ा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी और ग्रामीणों ने एसडीएम के खिलाफ हल्ला बोला था और आज खुद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं जगदलपुर के पूर्व विधायक रेखचंद जैन, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव दुर्गेश राय जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वय सुशील मौर्य, प्रेमनाथ शुक्ला सरीखे बड़े नेता अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर उतर आए। कांग्रेस के लोग मुर्गा, बकरा, दारू की बोतलें लेकर इन्हें एसडीएम को भेंट करने निकल पड़े। दीपक बैज अपने एक हाथ में जिंदा देशी मुर्गा और दूसरे हाथ में प्रतीकात्मक दारू की बोतल लेकर चल रहे थे, जबकि एक कांग्रेस नेता जीवित सफेद बकरे की डोर थामे चलते नजर आए। वहीं कई कांग्रेसी मुर्गे लहराते चल रहे थे। प्रदर्शनकारी कांग्रेसी एसडीएम मुर्दाबाद, साय मुर्दाबाद के नारे लगा रहे थे।पुलिस ने कांग्रेस के लोगों और ग्रामीणों की भीड़ को रोकने के लिए एसडीएम ऑफिस से काफी पहले लोहे के बड़े बड़े पिंजरे लगा रखे थे, जिन्हें गिराते हुए कांग्रेसी आगे बढ़ गए।. पुलिस ने इन्हें रोकने के लिए पूरा जोर लगाया, मगर कामयाब नहीं हो पाई। कांग्रेस का कहना है कि सरपंच लोहंडीगुड़ा के पर लगे मामलों में कई दफाएं लगाई गई हैं एसडीएम वीआईपी के लिए मुर्गा मटन दारू सिगरेट की व्यवस्था करने आदिवासी सरपंच को बलि का बकरा बना रहे हैं। ऐसे एसडीएम को लोहंडीगुड़ा से तत्काल हटाया जाना चाहिए। एक आदिवासी सरपंच और निरीह आदिवासियों की रक्षा के लिए प्रदेश कांग्रेस के आदिवासी अध्यक्ष दीपक बैज का ऐसा रौद्र रूप पहली बार देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *