0 बचेली से दंतेवाड़ा तक तीन दिन चलेगी पदयात्रा
जगदलपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज अब न थकेंगे, न हारेंगे की तर्ज पर फिर से न्याय पदयात्रा निकालने जा रहे हैं। प्रदेश स्तर की इस पदयात्रा में राज्य के तमाम छोटे बड़े नेता शामिल होंगे।. इस बार की न्याय पदयात्रा बस्तर के जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा को बचाने के लिए होगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने जगदलपुर के कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों को बताया कि मोदी सरकार यहां के आदिवासियों का हक अपने मित्र कॉर्पोरेट घरानों के लिए रेड कारपेट बिछा रही है। बस्तर की वन एवं खनिज संपदा को मोदी सरकार अपने मित्रों के हाथों में बेच रही है। यह सरकार बस्तर और यहां के मूल निवासियों का अस्तित्व, उनकी जीवन शैली, संस्कृति, परंपराओं को नष्ट करने पर आमादा हो गई है। धीरे धीरे बस्तर का अस्तित्व ही मिट जाएगा, मगर कांग्रेस ऐसा हरगिज नहीं होने देगी। कांग्रेस बस्तर के लोगों, यहां की खनिज संपदा, जल जंगल, जमीन को बचाने की लड़ाई हर स्तर पर जारी रखेगी। श्री बैज ने बताया कि इसके लिए कांग्रेस 26 से 28 मई तक न्याय पदयात्रा निकालने जा रही है। यह पदयात्रा 26 मई को लौह नगरी बचेली से शुरू होगी और 28 मई को जिला मुख्यालय दंतेवाड़ा पहुंचेगी, जहां कलेक्ट्रेट का घेराव कर कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि यह अकेले बस्तर के आदिवासियों के हितों की लड़ाई नहीं है, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा की लड़ाई है, इसलिए इस न्याय पदयात्रा में प्रदेश के अधिकतर बड़े कांग्रेस नेता, बस्तर संभाग के कांग्रेसजन, पूर्व एवं वर्तमान विधायक, जिला, जनपदों के जनप्रतिनिधि, पंचायतों के पंच सरपंच और आम नागरिक हजारों की तादाद में शामिल होंगे। पत्रवार्ता में जगदलपुर के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता रेखचंद जैन एवं शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य भी उपस्थित थे।